रेवाड़ी (Best24News): भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) रेवाड़ी के जिलाध्यक्ष समय सिंह की अगुवाई में लघु सचिवालय पहुंचे तथा उपायुक्त (DC) अभिषेक मीणा से मुलाकात की। भाकियू चढ़ूनी किसान नेताओं ने जिले के किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा तथा चेतावनी दी
बाजरा बिक्री, भावांतर भरपाई और KCC से जुड़ी समस्याओं पर हुई चर्चा
मुलाकात के बाद यूनियन के जिलाध्यक्ष समय सिंह ने बताया कि जिले का किसान इस समय कई समस्याओं से जूझ रहा है। किसानों के बाजरा की सरकारी खरीद व भावांतर योजना का बकाया पैसा है। किसानों को भावांतर भरपाई योजना के तहत मिलने वाली राशि जल्द से जल्द जारी की जाए। खराब हुई फसलों के मुआवजे के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल की कमियों को दूर कर क्लेम राशि दिलवाई जाए। बैंकों द्वारा किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाने में की जा रही अड़चनों और आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान किया जाए।
‘मांगे नहीं मानी तो करेंगे बड़ा आंदोलन’ – किसान नेताओं की चेतावनी
जिलाध्यक्ष समय सिंह ने कहा कि “अगर किसानों की इन जायज मांगों को जल्द नहीं माना गया और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ हमारी संयुक्त बैठक करवाकर समाधान नहीं निकाला गया, तो भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) रेवाड़ी में एक बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। इसके लिए यदि हमें मजबूरन डीसी ऑफिस पर ताला भी लगाना पड़े, तो हम पीछे नहीं हटेंगे।”
डीसी अभिषेक मीणा ने दिया आश्वासन
किसान नेताओं ने बताया कि उपायुक्त (DC) अभिषेक मीणा ने किसानों की सभी समस्याओं को सुना। डीसी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांगे पूरी तरह से जायज हैं और बहुत जल्द संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करवाकर इन सभी समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाएगा।
इस मौके पर महिला जिलाध्यक्ष मनीषा यादव, संगठन सचिव सतबीर लोहाना सहित कई अन्य वरिष्ठ किसान नेता और सदस्य उपस्थित रहे।













