
Breaking News (Best24News) रेवाड़ी: झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का रेवाड़ी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये की रंगदारी लेते हुए एक युवती और एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से रंगदारी की रकम भी बरामद की गई है।Breaking News
जानिए कैसे हुई थी पहचान: पुलिस के अनुसार, सोनीपत जिले के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके चचेरे भाई की वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम के माध्यम से रेवाड़ी सेक्टर-4 निवासी युवती से पहचान हुई थी। आरोप है कि युवती ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाकर पैसों की मांग शुरू कर दी। पैसे देने से इनकार करने पर दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में फंसाने की धमकी दी जाने लगी। शिकायतकर्ता के अनुसार, मामला रफा-दफा करने के नाम पर 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
रंगे हाथो किए थे काबू: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर एडिशनल एसपी दीपिका अग्रवाल के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। गत 2 नवंबर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट शुभम (BDPO बावल) की मौजूदगी में पुलिस टीम ने रेड की योजना बनाई। शिकायतकर्ता की ओर से 50 हजार रुपये की नकदी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश की गई। नोटों के सीरियल नंबर पहले ही दर्ज कर उन पर हस्ताक्षर किए गए।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी पुलिस ने बाजार में किया पैदल मार्ग्, जानिए दुकानदारों से क्या कहा ?
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही आरोपियों ने रुपये स्वीकार किए, मॉडल टाउन थाना पुलिस ने सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठे युवती और युवक को नोट गिनते हुए पकड़ लिया। युवक की पहचान विशाल सैनी निवासी मोहल्ला चौधरी वाड़ा, बड़ा गोल चक्कर, रेवाड़ी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 50 हजार रुपये बरामद हुए, जिनके सीरियल नंबर मजिस्ट्रेट द्वारा पहले दर्ज किए गए नंबरों से मेल खाते पाए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पक्ष की ओर से शिकायतकर्ता के चचेरे भाई के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में कई शिकायतें दी गई थीं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एडिशनल एसपी दीपिका अग्रवाल ने कहा कि झूठे आरोपों की धमकी देकर लोगों को ब्लैकमेल करने और रंगदारी मांगने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि इस तरह की घटना होने पर तुरंत पुलिस थाने या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दें।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी में अब नहीं लगेंगे बिजली के कट, यहां बनेगा 220 KV सब-स्टेशन
