Rewari Accident News: रेवाड़ी में एक भयंकर सड़क हादसा हो गया है जिसमें तीन बच्चों की मां की मौत हो गई है। जिले के लुखी बस स्टैंड के पास सड़क हादसे में 23 साल की एक महिला की मौत हो गई है। महिला जब सड़क पार कर रही थी तभी एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद महिला सड़क पर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। महिला के मौत होने के बाद चालक वाहन से फरार हो गया।
तीन बच्चों की मां थी मृतका
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के बांस भादरा गांव निवासी प्रेमनाथ अपनी पत्नी मनीषा और तीन बच्चों के साथ लुखी गांव के पास एक डेरे में रह रहे थे। रविवार की देर रात जब मनीषा सड़क पार कर रही थी तभी कोसली के तरफ से आ रहे गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी।
घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया
इस हादसे में मनीषा बुरी तरह से घायल हो गई जिसके बाद उसे नाहड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर में जांच के दौरान डॉक्टरों ने मनीषा को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका अपने पीछे पति और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है।
अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद महिला के परिजनों को उसका शव सौंप दिया जाएगा। मनीषा अपने पीछे अपना पूरा परिवार छोड़ गई है वही उनके तीन बच्चा भी है जिनका रो-रो कर बुरा हाल है। मनीषा के अचानक चले जाने से परिवार के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट गया है। इस घटना ने तीन बच्चों के सर से मां का साया छीन लिया है।












