
रेवाड़ी: मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के कृष्ण नगर, नाहड़ स्थित रीजनल सेंटर में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को समर्पित रहा। इस दौरान ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ विषय पर भाषण और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं करवाई गईं।
ये बने विजेता: भाषण प्रतियोगिता में किस्मत ने प्रथम, गुलशन ने द्वितीय और कुसुम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में हिमांशी प्रथम, सोनिका द्वितीय और प्रियंका तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी सुमित यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन से युवाओं को देशभक्ति, समर्पण और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी में पॉक्सो एक्ट को लेकर 500 से ज्यादा विद्याथियों को किया जागरूक
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संस्थान के निदेशक डॉ. यशपाल शर्मा ने युवाओं को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने तथा सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।
एकता पर कविताओ की दी प्रस्तुति: इस अवसर पर सतीश मस्तान, मनीषा, आरती, किस्मत, मोनिका, कुसुम, मोहिनी और मुस्कान ने सरदार वल्लभभाई पटेल के अखंड भारत के निर्माण में योगदान पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की। मेरा युवा भारत रेवाड़ी की ओर से यतिन चरण ने राष्ट्रीय एकता पर कविता प्रस्तुत की।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी अदालत का बड़ा फैसला, छात्र पर जानलेवा हमला करने वाले दोषी की 5 साल की सजा
कार्यक्रम में डॉ. अनिल कुमार और डॉ. अंजलि पांचाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर डॉ. सोनिया यादव, डॉ. प्रदीप शर्मा, धीरज यादव, अंजू शर्मा, बिन्दु यादव, निर्मला और सुशीला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। समापन पर युवाओं ने एकता मार्च निकालकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया तथा देश की एकता और संप्रभुता बनाए रखने का संकल्प लिया।
