रेवाड़ी के करीब 98 हजार वोटरों पर संकट, कई लोगो के कटेंगे नाम, जानें क्यों

On: July 25, 2026 2:58 PM
Follow Us:
रेवाड़ी के करीब 98 हजार वोटरों पर संकट

रेवाड़ी जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रारंभिक सूची से बाहर होने की स्थिति बन गई है। प्रशासन के मुताबिक जिन लोगों ने तय समय सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र  जमा नहीं कराया, उनके नाम 31 जुलाई को जारी होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। हालांकि ऐसे मतदाताओं को बाद में दावा और आपत्ति दर्ज कराने का पूरा अवसर मिलेगा।

करीब 98 हजार मतदाताओं ने नहीं जमा कराया गणना प्रपत्र

निर्वाचन विभाग की ओर से जिले में कुल 7,39,338 मतदाताओं का विशेष सत्यापन किया जाना था। अभियान की अंतिम तिथि तक 6,42,049 लोगों ने ही अपने गणना प्रपत्र जमा कराए। इसका मतलब है कि 97,959 मतदाताओं का रिकॉर्ड समय पर अपडेट नहीं हो सका। ऐसे मतदाताओं के नाम 31 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक सूची में नहीं दिखाई देंगे।चुनाव अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के दौरान लगभग 86.84 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटल सत्यापन और रिकॉर्ड अपडेट किया जा चुका है। अब विभाग का अगला लक्ष्य दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी कर अंतिम मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है।

मृत और दूसरे स्थान पर जा चुके मतदाताओं की होगी जांच

प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, जिन लोगों ने प्रपत्र जमा नहीं कराया उनमें बड़ी संख्या ऐसे मतदाताओं की है जो अब जीवित नहीं हैं या फिर किसी दूसरे जिले अथवा राज्य में स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि लगभग 32 हजार नाम मृत मतदाताओं के हो सकते हैं, जबकि करीब 33 हजार मतदाता दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके हैं। इन सभी मामलों का अलग-अलग सत्यापन किया जाएगा।चुनाव विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी मतदाता ने निर्धारित समय में गणना प्रपत्र जमा नहीं कराया है तो इसका अर्थ यह नहीं है कि उसका मतदान का अधिकार समाप्त हो गया। ऐसे लोगों को दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखने और नाम दोबारा शामिल कराने का अवसर दिया जाएगा। सत्यापन के बाद पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जा सकते हैं।

1 अगस्त से शुरू होगी नोटिस भेजने की प्रक्रिया

प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद निर्वाचन विभाग उन सभी मतदाताओं को नोटिस जारी करेगा जिन्होंने अभी तक गणना प्रपत्र जमा नहीं कराया है। 1 अगस्त से यह प्रक्रिया शुरू होगी। नोटिस मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेगा।निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त तक नए नाम जोड़ने, गलतियां सुधारने या नाम हटाने संबंधी दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इन सभी आवेदनों का निस्तारण 28 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी होने की संभावना है।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव है वर्तमान में वे Best24News के साथ जुड़े हुए हैं ताजा और विश्वसनीय खबरें प्रकाशित कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now