Rewari News: 20 जून तक चलेगा गांव-गांव में सफाई और जागरूकता कार्यक्रम

On: June 12, 2026 11:01 PM
Follow Us:
20 जून तक चलेगा गांव-गांव में सफाई और जागरूकता कार्यक्रम

Rewari News: रेवाड़ी को स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासन के द्वारा 20 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस नए अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा इसके साथ ही साथ कचरा प्रबंधन के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। अलग-अलग गांव में अलग-अलग गतिविधियां करके लोगों को सफाई व्यवस्था के प्रति जागरूक किया जाएगा।

अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल मोदी ने बताया कि अभियान की शुरुआत जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ की जाएगी। लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की जानकारी दी जाएगी और घरों से निकलने वाले गीले, सूखे, सैनिटरी तथा अन्य विशेष श्रेणी के कचरे को अलग-अलग रखने के महत्व के बारे में समझाया जाएगा।

सफाई से लेकर मरम्मत तक होंगे विशेष कार्य

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और नालियों की सफाई कर जमा कचरा और गाद हटाई जाएगी। सामुदायिक शौचालयों और कचरा प्रबंधन केंद्रों की साफ-सफाई के साथ उनकी आवश्यक मरम्मत भी कराई जाएगी। इसके अलावा ऐसे स्थानों की पहचान कर वहां विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा जहां अक्सर कचरा फेंका जाता है। इन क्षेत्रों में नो-डंपिंग बोर्ड भी लगाए जाएंगे ताकि लोग खुले में कचरा न डालें।

धार्मिक स्थलों और स्मारकों की भी होगी सफाई

प्रशासन द्वारा ग्राम सचिवालय, पंचायत भवन, धार्मिक स्थल, भीड़भाड़ वाले क्षेत्र, अंबेडकर भवन और शहीद स्मारकों की विशेष सफाई कराई जाएगी। इसके अलावा गांवों की फिरनियों, सार्वजनिक स्थलों, जलाशयों और अमृत सरोवरों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान के अंतिम चरण में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

घर-घर जाकर लोगों को करेंगे जागरूक

अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें घर-घर जाकर लोगों को कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के बारे में जानकारी देंगी। नागरिकों को रंगीन डिब्बों में अलग-अलग प्रकार का कचरा रखने, ई-कचरे के सुरक्षित निपटान और खतरनाक घरेलू अपशिष्ट को सही तरीके से नष्ट करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलेगा अभियान

स्वच्छता अभियान के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्लास्टिक बोतलें, थर्मोकोल और अन्य प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री एकत्रित की जाएगी तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं आदर्श ग्राम योजना से जुड़े गांवों में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम चलाकर स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।

स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने पर जोर

प्रशासन का उद्देश्य केवल सफाई कराना नहीं बल्कि लोगों की भागीदारी से स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप देना है। अधिकारियों का कहना है कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास सफाई बनाए रखने का संकल्प ले तो जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाने का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव है वर्तमान में वे Best24News के साथ जुड़े हुए हैं ताजा और विश्वसनीय खबरें प्रकाशित कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now