Breaking News: दिल्ली छावनी विकास समिति के अध्यक्ष मेजर डॉ. टी.सी. राव की नवीनतम पुस्तक “Governing Delhi: Challenges and Dynamics of Municipal Administration (MCD)” का विमोचन दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही द्वारा सिविक सेंटर में एक गरिमामय समारोह में किया गया। इस अवसर पर पार्षद श्री धर्मवीर सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री आर.पी. सिंह तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. टी.सी. राव ने अपनी पुस्तक के उद्देश्य और विषय-वस्तु पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसमें अत्यंत सरल भाषा में यह समझाया गया है कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) किस प्रकार कार्य करता है, उसकी संगठनात्मक संरचना क्या है तथा वह लगभग तीन करोड़ दिल्लीवासियों को स्वच्छता, सड़क निर्माण एवं रखरखाव, जल निकासी, कूड़ा प्रबंधन, उद्यान एवं बाग-बगीचों का संरक्षण, बागवानी, प्राथमिक शिक्षा तथा अन्य नागरिक सुविधाएँ किस प्रकार उपलब्ध कराता है। Breaking News
उन्होंने बताया कि यह पुस्तक केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें एमसीडी की कार्यप्रणाली में सुधार हेतु अनेक व्यावहारिक एवं रचनात्मक सुझाव भी दिए गए हैं। डॉ. राव लंबे समय से एमसीडी, नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी), दिल्ली छावनी परिषद तथा दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) जैसी प्रमुख संस्थाओं के कार्यों का निकटता से अध्ययन एवं अवलोकन करते रहे हैं। इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने नागरिक प्रशासन को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाने के सुझाव पुस्तक में सम्मिलित किए हैं। Breaking News
महापौर श्री प्रवेश वाही ने पुस्तक की विषय-वस्तु की सराहना करते हुए कहा कि यह जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के लिए अत्यंत उपयोगी मार्गदर्शिका सिद्ध होगी। उन्होंने डॉ. राव से अनुरोध किया कि पुस्तक का शीघ्र ही हिंदी अनुवाद कराया जाए, क्योंकि अधिकांश पार्षद हिंदी भाषा में कार्य करना अधिक सुविधाजनक समझते हैं। साथ ही उन्होंने 250 प्रतियाँ पार्षदों तथा 50 प्रतियाँ निगम अधिकारियों के लिए उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया।
डॉ. टी.सी. राव ने इस अनुरोध को सहर्ष स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि अगले 45 दिनों के भीतर पुस्तक का हिंदी संस्करण तैयार कर संबंधित प्रतियाँ उपलब्ध करा दी जाएँगी Breaking News
उल्लेखनीय है कि डॉ. टी.सी. राव इससे पूर्व नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) तथा दिल्ली छावनी परिषद की कार्यप्रणाली पर भी पुस्तकें लिख चुके हैं। वर्तमान में वे दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की संरचना, कार्यप्रणाली एवं विकासात्मक भूमिका पर एक विस्तृत पुस्तक का लेखन कर रहे हैं, जिसका विमोचन जनवरी 2027 में प्रस्तावित है। Breaking News
डॉ. राव का मानना है कि यदि नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को स्थानीय निकायों की कार्यप्रणाली का समुचित ज्ञान हो, तो दिल्ली को अधिक स्वच्छ, सुव्यवस्थित, हरित एवं नागरिक-अनुकूल महानगर बनाया जा सकता है।












