बावल: Bawal MLA डॉ. कृष्ण कुमार ने सोमवार सुबह सुबह सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यालय की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का जायजा लिया। सुबह करीब 9:35 बजे विधायक बीडीपीओ कार्यालय पहुंचे। यहां 10 कर्मचारी अनुपस्थित मिलेे वहीं बीईओ कार्यालय पहुंचे तो वहां तीन कर्मचारी गायब मिले।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचें, ताकि सरकारी काम के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कर्मचारियों की मूवमेंट का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और हर कर्मचारी को अपनी आवाजाही मूवमेंट रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए। कार्यालय परिसरों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने साफ-सफाई दुरुस्त रखने को भी कहा।
विधायक ने अधिकारियों को कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मनेठी तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया, जहां चार कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। विधायक ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
डयूटी से गायब मिले कर्मियों पर होगी कार्रवाई: बावल के विधायक ने कहा कि सरकारी कार्यालय आमजन की सुविधा के लिए हैं और लोगों को समयबद्ध तरीके से सेवाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति नहीं होने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते यह औचक निरीक्षण किया गया। ड्यूटी में लापरवाही और अनावश्यक अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी यानि इन पर कार्रवाई होगी।













