Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम में एंटी करप्शन ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। एसीबी के द्वारा मानेसर महिला थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया है। सामने आई जानकारी के अनुसार महिला हेड कांस्टेबल कुछ लोगों के ऊपर से केस हटाने के लिए ₹50000 की मांग कर रही थी।
मामले में राहत दिलाने के नाम पर मांगी रकम
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के दो परिजन एक आपराधिक मामले में नामजद थे। आरोप है कि हेड कांस्टेबल कविता ने उन्हें मामले से बाहर करने और जांच प्रक्रिया में मदद करने का भरोसा देकर रिश्वत की मांग की। कई दौर की बातचीत के बाद रकम 50 हजार रुपये तय की गई थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने पूरे मामले की जानकारी एंटी करप्शन ब्यूरो को दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने प्रारंभिक जांच कर आरोपों को गंभीर पाया और आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष योजना तैयार की।
एसीबी ने बिछाया जाल
कार्रवाई के तहत शिकायतकर्ता को विशेष रासायनिक पदार्थ लगे नोट दिए गए। एसीबी की टीम ने पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी। तय स्थान पर शिकायतकर्ता आरोपी महिला पुलिसकर्मी से मिला और उसे रिश्वत की राशि सौंप दी।
जैसे ही आरोपी ने रकम अपने कब्जे में ली, पहले से तैयार एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। कार्रवाई इतनी तेजी से की गई कि आरोपी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
जांच में हुई रिश्वत लेने की पुष्टि
गिरफ्तारी के बाद एसीबी अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत आरोपी के हाथों की जांच की। रासायनिक परीक्षण में नोटों पर लगाए गए पदार्थ के निशान मिलने से रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने रिश्वत में इस्तेमालइस्तेमाल की गई रकम भी बरामद कर ली है। साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।












