रेवाड़ी (Best24News)। रोजगार विभाग द्वारा जिला रेवाड़ी में 20 से 24 जुलाई तक विशेष ‘व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह‘ (Vocational Guidance Week) का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला के विभिन्न सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य, करियर चुनाव और स्वरोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर मार्गदर्शित किया गया।
रेवाड़ी व कोसली के इन स्कूलों-कॉलेजों में आयोजित हुए सत्र
सप्ताह भर चले इस अभियान के तहत रोजगार विभाग के अधिकारियों ने कई प्रमुख स्कूलों और आई.टी.आई. में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को करियर काउंसलिंग प्रदान की तथा स्व् रोजगार के लिए जागरूक किया।

रेवाड़ी ब्लॉक: सहायक रोजगार अधिकारी दिनेश तंवर ने स्वामी उमा भारती व.मा.वि. (रेवाड़ी), राजकीय कन्या व.मा.वि. (बावल), राजकीय व.मा.वि. (गोकलगढ़) और राजकीय व.मा.वि. (बीकानेर) में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कोसली ब्लॉक: सहायक रोजगार अधिकारी (कोसली) द्वारा राजकीय कन्या व.मा.वि. (कोसली), राजकीय व.मा.वि. (गुड़ियानी), राजकीय व.मा.वि. (नाहड़), राजकीय व.मा.वि. (कोसली) और राजकीय आई.टी.आई. (कोसली) में मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए गए।
ऑनलाइन पोर्टल और सरकारी भर्तियों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लगभग 550 विद्यार्थियों को अलग-अलग विभागों में निकलने वाली विज्ञापित नौकरियों (Jobs) तथा स्वरोजगार (Self-Employment) स्थापित करने की योजनाओं से अवगत कराया। इसके साथ ही रोजगार विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया, मिलने वाली सरकारी सुविधाओं और रोजगार मेलों के लाभ उठाने के तरीकों के बारे में युवाओं को जागरूक किया।













