रेवाड़ी। रेवाड़ी बार चुनाव के 11 सितंबर को होने वाले वार्षिक चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस बार छह पदों के लिए 15 प्रत्याशी मैदान में हैं और 2,183 अधिवक्ता मतदान करेंगे। पहली बार दो पद महिला आरक्षित होने से महिला अधिवक्ताओं में खासा उत्साह है। इन पदों पर सीधा मुकाबला होगा।
बोर्ड लगाकर कर सकेंगे प्रचार: बता दें कि प्रत्याशियों की मांग पर पुरानी बार बिल्डिंग और नई बिल्डिंग में एक-एक 6×4 फीट का फ्लेक्स लगाने की अनुमति दी गई है। समर्थकों से भीड़ न जुटाने और कतार में मतदान कराने की हिदायत दी गई है।

रेवाड़ी, बावल और कोसली में बार एसोसिएशन के चुनाव 11 सितंबर को होंगे। तीनों जगह में कुल 2926 एडवोकेट अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। रेवाड़ी में प्रधान, उपप्रधान सामान्य और कोषाध्यक्ष पद पर त्रिकोणिय मुकाबला होगा, जबकि अन्य पदों पर आमने-सामने की टक्कर रहेगी। बावल में सभी 6 पदों पर 2-2 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।
3 बूथों पर 18 ईवीएम से मतदान
रेवाड़ी में मतदान के लिए 3 बूथ बनाए गए हैं। 6 पदों के लिए प्रत्येक बूथ पर 6 ईवीएम लगाई जाएंगी। बूथ नंबर एक पर 1 से 725, बूथ नंबर 2 पर 726 से 1450 और बूथ नंबर 3 पर 1451 से 2183 तक के मतदाता वोट डालेंगे। मतदान सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट सतीश डागर, अश्विनी कुमार तिवारी, शमशेर सिंह यादव, चौधरी चरण सिंह, नरेश यादव और रमेश यादव ने बताया कि प्रत्येक मतदाता को छह पदों के लिए छह अलग-अलग मशीनों पर मतदान करना होगा। प्रत्येक बूथ पर छह मशीनें लगाई जाएंगी। मतदान में अधिक समय लगने की संभावना को देखते हुए अधिवक्ताओं से समय पर पहुंचने की अपील की गई है।
मोबाइल पर प्रतिबंध: मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मतदान कक्ष में ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। वैध पहचान पत्र के साथ ही मतदान किया जा सकेगा। मतदान सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा और इसके तुरंत बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
विज्ञापन













