बुधवार, 7 अक्टूबर 2026

IGU में मास्टर नेकीराम की जयंती पर कवि सम्मेलन, लोक संस्कृति पर चर्चा

Written by: हर्ष चौहान

Published:

रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (IGU)  मीरपुर में प्रसिद्ध सांग सम्राट मास्टर नेकीराम की जयंती के उपलक्ष्य में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मास्टर नेकीराम चेयर, मास्टर नेकीराम साहित्य एवं…


रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (IGU)  मीरपुर में प्रसिद्ध सांग सम्राट मास्टर नेकीराम की जयंती के उपलक्ष्य में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मास्टर नेकीराम चेयर, मास्टर नेकीराम साहित्य एवं लोकनाट्य कला संरक्षण परिषद और हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने की।

Advertisement

मुख्य अतिथि कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने मास्टर नेकीराम के जीवन, साहित्य और सांस्कृतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सांग, रागनी और लोकनाट्य के माध्यम से हरियाणा की लोक संस्कृति को समृद्ध करने के साथ सामाजिक चेतना को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय मास्टर नेकीराम की साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। उनके साहित्य पर पीएचडी स्तर पर शोध कार्य को बढ़ावा देने की योजना भी तैयार की गई है। प्रो. दिलबाग सिंह ने कहा कि मास्टर नेकीराम केवल कवि और सांग कलाकार नहीं थे, बल्कि हरियाणा के लोकजीवन और सामाजिक चेतना के मजबूत प्रतिनिधि थे। मात्र 14 वर्ष की आयु में ‘भगत पूरणमल’ का सांग प्रस्तुत करना उनकी प्रतिभा का प्रमाण है।

आईजीयू में सांग सम्राट मास्टर नेकी राम की स्मृति में कवियों का सम्मानित करते हुए
आईजीयू में सांग सम्राट मास्टर नेकी राम की स्मृति में कवियों का सम्मानित करते हुए

उन्होंने बताया कि मास्टर नेकीराम ने करीब छह दशक तक सांग और लोक साहित्य की सेवा की। उनके सांगों में राजा भोज-भानवती, राजा रिसालू, हीर-रांझा, लीलो-चमन, फूल सिंह-नौटंकी, रूप-बसंत, राजा हरिश्चंद्र-तारावती, मीराबाई, भगत पूरणमल, पिंगला-भरथरी और जानी चोर जैसे अनेक लोकप्रिय प्रसंग शामिल रहे। उनके साहित्य में मनोरंजन के साथ इतिहास, संस्कृति, नैतिक शिक्षा, सामाजिक चेतना और राष्ट्र प्रेम का संदेश भी मिलता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया के दौर में युवाओं को अपनी लोकभाषा, लोकगीत और लोकनाट्य से जोड़ना जरूरी है।

Advertisement

ये भी पढ़ें:केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 अक्टूबर को आएंगे गुरुग्राम, हरियाणा BJP की तैयारियां शुरू

आईजीयू में सांग सम्राट मास्टर नेकी राम की स्मृति में कवियों का सम्मानित करते हुए
आईजीयू में सांग सम्राट मास्टर नेकी राम की स्मृति में कवियों का सम्मानित करते हुए

हिंदी विभाग की अध्यक्ष डॉ. मंजू पुरी ने कहा कि मास्टर नेकीराम लोक चेतना के प्रखर चिंतक थे। उनके विचारों को पाठ्यक्रम और शोध गतिविधियों का हिस्सा बनाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. सुनील कुमार ने भी मास्टर नेकीराम के साहित्यिक और लोक सांस्कृतिक योगदान को याद किया।

कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से मास्टर नेकीराम को श्रद्धांजलि दी। कवि हलचल हरियाणवी ने ‘हरियाणा का ताऊ’ कविता से श्रोताओं को खूब हंसाया। हास्य कवि मास्टर महेंद्र ने ‘प्रेम पत्र बनाम एप्लीकेशन’ और ‘बनवारी का रक्षाबंधन’ से तालियां बटोरीं। यशदीप कौशिक ने ‘नमामी माता भारती’ के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। आलोक भांडोरिया ने ‘आओ अपने सपनों का भारत बनाएं’ और ‘बेटी बचाएं-बेटी पढ़ाएं’ के जरिए सामाजिक संदेश दिया। राजेश भुलक्कड़, मनोज कौशिक और डॉ. मुकुट अग्रवाल ने भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी।

ये भी पढ़ें:अटेली में कांग्रेस का ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, भाजपा पर कसे तंज

कार्यक्रम में राष्ट्रपति अवार्डी किसान चौ. भूपेंद्र सिंह सहित विश्वविद्यालय के कर्मचारी, विद्यार्थी और अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जागीर नागर और हास्य कवि आलोक भांडोरिया ने किया।

हर्ष चौहान
About the Author हर्ष चौहान

हर्ष चौहान Best24News के लिए रेवाड़ी जिले की खबरें कवर करते हैं। वे जिले के शहर और गाँवों से जुड़े स्थानीय मुद्दे, प्रशासन के फैसले, विकास कार्य, शिक्षा और आम लोगों से जुड़ी खबरें पाठकों तक पहुँचाते हैं। उनकी कोशिश रहती है कि रेवाड़ी की हर ज़रूरी खबर तथ्यों की जाँच के साथ सबसे पहले आप तक पहुँचे। View all posts by हर्ष चौहान →

Related News

WhatsApp