
रेवाड़ी: रेवाड़ी नगर परिषद की उपप्रधान के चुनाव को लेकर इंतजार खत्म हो गया है। उपचेयरमैन की कुर्सी को लेकर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बैठक के बाद भी तस्वीर साफ नहीं हुई। प्रशासन ने आठ अक्टूबर को चुनाव की तारीख तय कर दी है। इसकी सूचना नगर परिषद तक पहुंच चुकी है। उपप्रधान चुनाव में कांग्रेस समर्थित पार्षद भी समीकरण बदलने में भूमिका निभा सकते हैं।
समर्थक जुटे तैयारियों में : रेवाड़ी नगर परिषद की उपप्रधान के चुनाव की तारीख तय होने के साथ ही अलग-अलग दावेदार अपने समर्थक पार्षदों को साथ रखने में जुट गए हैं। कुछ पार्षदों को लेकर दावेदार शहर से बाहर रवाना हो चुके हैं, जबकि एक धड़ा अभी रेवाड़ी में ही है। बताया जा रहा है कि उपप्रधान चुनाव में कांग्रेस समर्थित पार्षद भी समीकरण बदलने में भूमिका निभा सकते हैं। अंदरखाने अलग-अलग खेमों की ओर से उन्हें अपने पक्ष में करने के प्रयासों की चर्चा है।

राव खेमे पर टीकी निगाहें: राव समर्थित खेमे की ओर से पर्याप्त बहुमत होने का दावा किया जा रहा है। चुनाव की तारीख तय होने के बाद अब सभी खेमों का फोकस अपने साथ पार्षदों की संख्या बनाए रखने पर है। राव इंद्रजीत की बैठक के बाद भी सहमति नहीं बनी और अब चुनाव की तारीख भी सामने आ चुकी है। ऐसे में आठ अक्टूबर तक पार्षदों की बाड़ेबंदी और संख्या जुटाने की राजनीति और तेज होने की संभावना है।
Also Readअहंकार मनुष्य के पतन का कारण, किसी भी चीज का अहंकार नहीं करना चाहिए: बाबा उमाकांत महाराज
जिला नगर आयुक्त की ओर से आठ अक्टूबर को चुनाव कराने की तारीख जारी होते ही पार्षदों को अपने-अपने पाले में रखने की कवायद तेज हो गई है। संदीप यादव और चेतराम सैनी अपने समर्थक पार्षदों के साथ शहर से बाहर रवाना हो चुके हैं। वहीं राव खेमे की ओर से चेयरपर्सन विनीता पीपल और उनके पति एडवोकेट नरेंद्र पीपल को पार्षदों की बाड़ेबंदी की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है।
Also Readरेवाड़ी में घायल युवक ने तोड़ा दम, मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
राव इंद्रजीत ने दो दिन पहले अट्ठाईस पार्षदों को अपने आवास पर बुलाकर उपप्रधान पद को लेकर मंथन किया था। बैठक के बाद सहमति बनने की उम्मीद थी, लेकिन रविवार को इसके उलट अलग-अलग धड़े अपने समर्थक पार्षदों की बाड़ेबंदी में जुट गए। राव समर्थित खेमे की ओर से निखिल मांडिया का नाम आगे चल रहा है, जबकि पूनम यादव, चेतराम सैनी और सुमन सैनी भी दावेदारों के तौर पर सक्रिय हैं।
Also Readरेवाड़ी के किसानों के लिए जरूरी खबर: आज केवल इन गांवों के लोगो की होगी बाजरे की खरीद
