
Haryana News (Best24News) भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ऐसे मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने का एक और अवसर प्रदान किया है जो पहले किसी कारण से बीएलओ को अपना जबाव नही दे पाए थे। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिन पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें अंतिम मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने का एक और अवसर दिया गया है। जिसकी आखिरी तारीख 20 नवंबर तय की गई है।
DC ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ऐसे मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने का एक और अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया गया है, जिन्हें गणना प्रपत्र जारी किए गए थे, लेकिन अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे (एएसडीडी) के रूप में चिह्नित होने अथवा गणना प्रपत्र वापस प्राप्त न होने के कारण जिनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए थे। उन्होंने बताया कि जिला रेवाड़ी में कुल 97,211 मतदाताओं द्वारा एन्यूमरेशन फार्म नहीं जमा करवाए, इनमें से 32,769 मृत, 16972 अनुपस्थित, 40,117 स्थाई शिफ्टिड, 1,915 अन्य श्रेणी और 5,438 मतदाताओं का नाम पहले से मतदाता सूची दर्ज के रूप में चिन्हित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बावल विधानसभा में कुल मतदाता 2,30,037 में से 2,04,578 फॉर्म डिजिटाइज हुए हैं। कोसली विधानसभा में कुल मतदाता 2,48,951 में से 2,28,428 फॉर्म डिजिटाइज हुए हैं। रेवाड़ी विधानसभा में कुल मतदाता 2,60,350 में से 2,09,121 फॉर्म डिजिटाइज हुए है। अब आयोग के निर्देशानुसार गणना प्रपत्र जमा न कर पाने वाले पात्र मतदाताओं को भी अंतिम मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर दिया गया है।
ये भी पढ़ें:Good News : इन किसानों को प्रति एकड मिलेगा 1200 रूपए , बस ये करना होगा काम
डीसी ने बताया कि ऐसे सभी मतदाताओं की मतदान केंद्रवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालयों तथा शहरी स्थानीय निकायों के कार्यालयों में दोबारा प्रदर्शित की जाएगी। यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर पीडीएफ प्रारूप में भी उपलब्ध होगी, जिसमें नाम शामिल न होने के संभावित कारणों का उल्लेख किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित मतदाता अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान से जुड़े ईआरओ, एईआरओ अथवा बीएलओ के पास विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त मतदाता अपने पुराने ईपीआईसी नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआईनेट ऐप से भी गणना प्रपत्र डाउनलोड कर उसे भर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यदि मतदाता ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, तो वह हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-बी) जमा करवा सकता है। इसमें पहले गणना प्रपत्र जमा न कर पाने का कारण भी बताना होगा। मतदाता अपने परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भी यह प्रपत्र जमा करवा सकते हैं। इसी प्रकार कोई मतदाता हरियाणा में ही किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गया है, तो उसे फॉर्म-8 जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाताओं को नए पते एवं विधानसभा क्षेत्र का विवरण देते हुए
ये भी पढ़ें:महेंद्रगढ़: स्कूटी पर कर रहा था नशा सप्लाई, जानिए कैसे चढ़ा हत्थे ?
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं ने एसआईआर के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र एवं घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्राप्त गणना प्रपत्रों एवं संबंधित घोषणाओं का ईआरओ द्वारा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन एवं निस्तारण किया जाएगा।
डीसी ने बताया कि निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं ईसीआईनेट ऐप पर उपलब्ध ‘‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’’ सुविधा का उपयोग किया जा सकता है। जिसके माध्यम से मतदान केंद्र के बीएलओ से सहायता ली जा सकती है। उन्होंने बताया कि होमलेस मतदाता जिनके पास निवास प्रमाण से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, उनकी बीएलओ की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट भी पर्याप्त होगी। उन्होंने बताया कि एसआईआर से संबंधित नोटिस, दावे एवं आपत्तियों तथा फोटो अपडेट करने सहित सभी कार्य 20 नवंबर 2026 तक पूरे किए जाने हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को निर्धारित है।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना आवश्यक है। इसके लिए प्रशासन के साथ राजनीतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंटों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से संबंधित मतदाताओं को जागरूक करें तथा उन्हें गणना प्रपत्र भरकर जमा करवाने में सहयोग प्रदान करें।
——–
