
रेवाड़ी: इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय IGU मीरपुर के महिला प्रकोष्ठ एवं महिला अध्ययन केंद्र द्वारा भगिनी निवेदिता गर्ल्स हॉस्टल में “महिला सशक्तिकरण का उत्सव: शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता एवं अवसर” विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण में शिक्षा, आर्थिक स्वतंत्रता एवं समान अवसरों के महत्त्व को रेखांकित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला अध्ययन केंद्र की निदेशक डॉ. मंजू पुरी के स्वागत संबोधन से हुआ।
प्रो. रोमिका बत्रा ने महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए तथा मुख्य वक्ता प्रो. सोनू मदान (डॉ. बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली) का परिचय कराया। प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता प्रो. सोनू मदान ने अपने व्याख्यान में शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को महिलाओं के विकास का मुख्य आधार बताया। उन्होंने महिलाओं को पारंपरिक बाधाओं से आगे बढ़कर अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। द्वितीय सत्र छात्राओं एवं महिला शिक्षकों की विभिन्न सांस्कृतिक एवं संवादात्मक गतिविधियों को समर्पित रहा, जिससे कार्यक्रम को एक जीवंत स्वरूप मिला।
ये भी पढ़ें:कोसली विकास मंच ने SDM को सौंपा ज्ञापन, जानिए क्या है उनकी मांग?
कार्यक्रम का समापन महिला प्रकोष्ठ की संयोजक प्रो. रश्मि पुंडीर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। संगोष्ठी के सफल आयोजन में महिला प्रकोष्ठ, महिला अध्ययन केंद्र तथा कार्यक्रम समिति के सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी नई अनाज मंडी में 27 अक्टूबर को खरीद बंद
