रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी शहर के पीडब्ल्यूडी (PWD) विश्राम गृह से ‘पत्रकार शैक्षणिक यात्रा 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। रेवाड़ी से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई इस विशेष यात्रा में जिले के कई वरिष्ठ पत्रकार बंधु और मीडियाकर्मी शामिल हैं।

पत्रकार बंधुओं को शुभकामनाएं देते हुए रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण यादव ने बस को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया। बता दे कि यह शैक्षणिक व सांस्कृतिक यात्रा पत्रकारों के लिए अत्यंत विशेष मानी जा रही है। यात्रा के दौरान रेवाड़ी के मीडियाकर्मी प्रभु श्री राम की पवित्र नगरी अयोध्या धाम पहुंचकर वहां के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व का अवलोकन करेंगे।

इसके साथ ही नए अयोध्या के विकास मॉडल और वहां की व्यवस्थाओं का शैक्षणिक दृष्टिकोण से अध्ययन करेंगे।रवानगी के समय माहौल काफी उत्साहजनक रहा। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि “पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं। इस प्रकार की शैक्षणिक यात्राओं से मीडिया जगत का दृष्टिकोण और अधिक व्यापक होता है। भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या की यह यात्रा सभी पत्रकार भाइयों के लिए ज्ञानवर्धक और सुखद रहे, ऐसी हम कामना करते हैं।”














