
हरियाणा(Best24News): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) को हरियाणा और दक्षिण एनसीआर से जोड़ने वाले 32 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा नहीं हो सका है। सोतई गांव में करीब 900 मीटर जमीन पर कब्जा न मिलने के कारण एलिवेटेड सड़क का निर्माण कार्य फंस गया था, जिसके चलते इस पूरी परियोजना की समय-सीमा (Deadline) करीब चार महीने आगे बढ़ानी पड़ी है। इतना ही नहीं काफी मश्क्कत के बाद जिला प्रशासन और पुलिस बल की मदद से जमीन पर कब्जा लेकर निर्माण एजेंसी ने दोबारा पिलर बनाने का काम शुरू कर दिया है।
जानिए किनको मिलेगा सीधा फायदा?
इस महत्वपूर्ण एक्सप्रेसवे के शुरू होने से हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन पूरी तरह सुगम हो जाएगा। इससे मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों के लोगों को नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचने में भारी सुविधा मिलेगी:
- फरीदाबाद और पलवल
- नूंह (मेवात) और तावडू
- सोहना और गुरुग्राम
इस प्रोजेक्ट के तहत मोहना गांव के पास यमुना नदी पर एक मजबूत पुल का निर्माण भी किया गया है। वर्तमान में बाढ़ के दौरान पुल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तटबंध (Embankment) बनाने का काम चल रहा है। बता दे कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा इस एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 4,600 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसकी कुल लंबाई 32 किलोमीटर है, जिसमें से करीब 9 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में और 23 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा सीमा में आता है। परियोजना के तहत लगभग 8 किलोमीटर का हिस्सा एलिवेटेड (पुलनुमा सड़क) बनाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें:हरियाणा में प्राकृतिक खेती को बड़ा बढ़ावा: 10% पंचायती जमीन पट्टे पर देगी सरकार
क्यों रुका था काम और अब क्या है स्थिति?
सोतई गांव में भूमि अधिग्रहण और कब्जे को लेकर आ रही रुकावट के कारण निर्माण कार्य ठप हो गया था। इस देरी का असर बहबलपुर, दयालपुर, फफूंडा और पन्हैड़ा खुर्द गांवों की सीमा में चल रहे एलिवेटेड सड़क के निर्माण पर भी पड़ा। अब प्रशासनिक कार्रवाई के बाद काम फिर से पटरी पर लौट आया है। पिलर तैयार होने के बाद उनपर कैप और लेंटर डालने का काम तेजी से किया जा रहा है। परियोजना के शेष कार्यों और जमीन से जुड़ी बाधाओं के पूरी तरह दूर होने के बाद इस एक्सप्रेसवे को जनता के लिए शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकेगा।
ये भी पढ़ें:राष्ट्रीय एथलेटिक्स में महेंद्रगढ के संदीप कुमार ने मैराथन रेस वॉक में जीता स्वर्ण पदक
