यात्री ध्यान दें! दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर में रूट हुआ बंद: एलिवेटेड रोड पर रूट डायवर्जन

On: July 20, 2026 10:19 PM
Follow Us:
यात्री ध्यान दें! दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर में रूट हुआ बंद: एलिवेटेड रोड पर रूट डायवर्जन

मानेसर/धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर सफर करने वाले वाहन चालकों और औद्योगिक क्षेत्र के लोगों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण खबर है। मानेसर गांव में बनने वाले बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य के चलते शनिवार देर रात से मुख्य हाईवे को बंद कर दिया गया है। हाईवे बंद होने के कारण दिल्ली से जयपुर जाने वाली साइड के वाहनों को सर्विस लेन पर डायवर्ट किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों के लिए रूट चार्ट जारी कर दिया है।

47 करोड़ की लागत से बनेगा मानेसर एलिवेटेड, जाम से मिलेगी स्थाई मुक्ति

बता दें कि मानेसर गांव में लंबे समय से लगने वाले भीषण जाम की स्थिति से निपटने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा यहाँ एक भव्य एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जा रहा है। इस पूरी परियोजना पर करीब 47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो चुका है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा और निर्माण की गति को बढ़ाने के लिए यह बड़ा कदम उठाया गया है।

 

बड़े और कमर्शियल वाहनों के लिए नया रूट चार्ट (Route Diversion Plan):

अव्यवस्था और जाम से बचने के लिए एनएचएआई और ट्रैफिक पुलिस ने बड़े कमर्शियल वाहनों की एंट्री पचगांव चौक और आईएमटी चौक से आगे पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी है। इन चौकों पर भारी बैरिकेडिंग की जाएगी। दिल्ली की तरफ से आने वाले बड़े वाहन आईएमटी (IMT) चौक से सीधे आईएमटी के अंदर प्रवेश करेंगे। इसके बाद वे झुंड सराय होते हुए केएमपी (KMP) एक्सप्रेस-वे के माध्यम से वापस पचगांव चौक पर आएंगे और जयपुर की तरफ जा सकेंगे।

जयपुर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन: इसी तरह जयपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को पचगांव चौक से केएमपी एक्सप्रेस-वे होते हुए टीसीआई चौक से आईएमटी सेक्टर-8 के रास्ते दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भेजा जाएगा।

छोटी गाड़ियों के लिए राहत: कार, बाइक और अन्य छोटे वाहनों को मानेसर आने-जाने में किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी, वे सर्विस लेन का उपयोग कर सकते हैं। हालांकि, आईएमटी चौक से गलत दिशा (Wrong Side) में जाने वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

 

यात्री ध्यान दें! दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर में रूट हुआ बंद: एलिवेटेड रोड पर रूट डायवर्जन
यात्री ध्यान दें! दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर में रूट हुआ बंद: एलिवेटेड रोड पर रूट डायवर्जन

मार्केट में आने वाले वाहनों के लिए नई पार्किंग और बसों के लिए अस्थायी स्टॉप”

यातायात को नियंत्रित करने के लिए पूरे रूट पर भारी संख्या में ट्रैफिक मार्शल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा मानेसर क्षेत्र को ‘नो एंट्री जोन’ में भी शामिल किया जा चुका है। यात्रियों की सुविधा के लिए आईएमटी चौक पर पावर हाउस के सामने एक अस्थायी बस स्टॉप बनाया गया है।

 

मानेसर मुख्य बाजार में आने वाले वाहनों के जाम से बचने के लिए सेक्टर-2 में एचएसआइआइडीसी (HSIIDC) कार्यालय के सामने एक विशाल पार्किंग बनाई गई है। सभी औद्योगिक संस्थानों को भी एचएसआइआइडीसी द्वारा इस संबंध में जरूरी एडवाइजरी जारी कर दी गई है।

 

सर्विस लेन पर खड़े होने वाले वाहनों से बढ़ी आफत, सीनियर डिप्टी मेयर ने की अपील

हाईवे बंद होने के बाद रविवार को छुट्टी होने के कारण वाहनों का दबाव कम रहा, जिससे ज्यादा जाम नहीं लगा। लेकिन सर्विस लेन के किनारों पर अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहनों के कारण अन्य चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले सप्ताह भी जब ट्रायल के लिए एक दिन वाहनों को सर्विस लेन पर छोड़ा गया था, तो कई किलोमीटर लंबा महाजाम लग गया था।

मानेसर नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव ने स्थिति पर बात करते हुए बताया कि एक-दो दिन के भीतर नई व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में आ जाएगी। उन्होंने आम जनता, वाहन चालकों और उद्यमियों से अपील की है कि वे इस विकास कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग करें ताकि हाईवे पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैले।

Harsh Chauhan

मेरा नाम हर्ष चौहान है। मैं Best24News में कंटेंट राइटर के लगभग 4 सालों से काम रहा हूँ । मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगों तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now