Haryana News: रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सुरेश कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2026 के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम लागू किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे।
एसडीएम सुरेश कुमार बुधवार को नगर परिषद कार्यालय में वार्ड पार्षदों के साथ बैठक कर रहे थे। एसडीएम ने बताया कि इस पुनरीक्षण अभियान के लिए 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। ऐसे सभी नागरिक जो इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेंगे, वे मतदाता के रूप में अपना नाम दर्ज कराने के पात्र होंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा चरणबद्ध कार्यक्रम तैयार किया गया है। Haryana News

उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण उपरांत बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का विवरण एकत्र करेंगे। इस दौरान एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने, फोटो एवं अन्य जानकारियों को अद्यतन करने तथा आवश्यक हस्ताक्षर प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
नए पात्र नागरिकों को पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे।
एसडीएम सुरेश कुमार ने सभी वार्ड पार्षदों से अपील की है कि वे पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद प्रत्येक मतदाता को अपने नाम, पते और अन्य विवरणों की जांच अवश्य करनी चाहिए तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित समयावधि के भीतर दावा अथवा आपत्ति दर्ज करवानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा तय समय-सीमा का पालन करना सभी के लिए आवश्यक है और निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त दावे स्वीकार नहीं किए जाएंगे।Haryana News













