IGU Rewari: इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा विद्यार्थियों को औद्योगिक वातावरण, कार्यप्रणाली एवं उद्योग जगत की वास्तविक गतिविधियों से परिचित कराने के उद्देश्य से एक औद्योगिक यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रबंधन विभाग के एमबीए के 71 विद्यार्थियों को टपूकड़ा, भिवाड़ी स्थित होंडा टू-व्हीलर प्लांट का औद्योगिक भ्रमण करवाया गया।औद्योगिक भ्रमण के लिए विद्यार्थियों के दल को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी एवं कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि इस प्रकार की औद्योगिक यात्राएं विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान, औद्योगिक समझ एवं रोजगारपरक कौशल को बढ़ाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ना आज के दौर में बेहद आवश्यक है और ऐसे भ्रमण इसमें मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि केवल किताबी ज्ञान से विद्यार्थी प्रतिस्पर्धात्मक दुनिया का सामना नहीं कर सकते, इसलिए विश्वविद्यालय का निरंतर यही प्रयास रहता है कि छात्रों को व्यावहारिक अनुभव और आधुनिक तकनीकों से रूबरू कराया जाए ताकि वे भविष्य की औद्योगिक चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।

वहीं कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीक एवं व्यावसायिक वातावरण को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में ऐसे कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा विश्वविद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों को प्रोत्साहित करता रहेगा।
इसी कड़ी में निदेशक (ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट) प्रो. रविंद्र ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को बेहतर इंडस्ट्री एक्सपोजर एवं उत्कृष्ट करियर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में इस प्रकार के भ्रमण नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे ताकि वे उद्योग की मांग के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।

ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर प्रवीण कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी के निर्देशन में विद्यार्थियों को उद्योग एवं औद्योगिक गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के लिए विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों हेतु चरणबद्ध तरीके से औद्योगिक यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में यह प्रथम औद्योगिक यात्रा आयोजित की गई है तथा अगली यात्रा वाणिज्य विभाग के छात्रों के लिए आयोजित करवाई जाएगी।
औद्योगिक भ्रमण के दौरान होंडा के प्लांट हेड जगराम दलाल और उनकी टीम से दिव्या सहित कंपनी के अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यात्रा करवाई और होंडा टू-व्हीलर के निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं, उत्पादन प्रणाली, औद्योगिक कार्यप्रणाली तथा रोड सेफ्टी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों ने प्लांट की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा तथा उद्योग में आधुनिक तकनीक एवं प्रबंधन प्रक्रियाओं के उपयोग की जानकारी प्राप्त की।इस औद्योगिक यात्रा में प्रबंधन विभाग की ओर से सहायक प्रोफेसर डॉ. जसविंदर सिंह, डॉ. सुशांत यादव तथा शोधार्थी पूजा शर्मा एवं नीतू यादव ने कंटीजेंट इंचार्ज के रूप में मार्गदर्शन किया।
प्रबंधन विभाग की चेयरपर्सन प्रो. रितु बजाज ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक परिस्थितियों को समझने तथा अपने अकादमिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व एवं व्यावसायिक विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।












