रेवाड़ी(Best24News) हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि 25 सितंबर से 7 अक्तूबर तक पूरे हरियाणा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम होंगे। जिनमें माताओं और बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान किया जाएगा। गांवों और जिलों में पैदल यात्राएं व बाइक रैलियां भी निकाली जाएंगी।
17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान: भाजपा कार्यालय में हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने प्रेसवार्ता की। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सेवा दिवस के रूप में होगा। इस दौरान रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे और शाम को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित होगा। माजरा स्थित एम्स में भी भव्य कार्यक्रम होगा। उन्होंने जिले के लोगों से शाम सात बजे अपने घरों में आशीर्वाद का दीया जलाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की परिवर्तन यात्रा को नुक्कड़ नाटक, संगीत, संवाद और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
विज्ञापन
25 सितंबर से 7 अक्तूबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम होंगे, जिनमें माताओं और बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान किया जाएगा। गांवों और जिलों में पैदल यात्राएं व बाइक रैलियां भी निकाली जाएंगी। आरती सिंह राव ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से होगा।
अभियान में नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 25 मिनट समाजसेवा के लिए देने का आह्वान किया जाएगा। इनता ही नही आयोजित रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता, बुजुर्गों को डिजिटल तकनीक सिखाना, जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाना, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, महिला स्वास्थ्य और अंगदान के प्रति जागरूकता को भी सेवा का माध्यम बनाया जाएगा।
ये रहे मौजूद: इस मौके पर रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, भाजपा जिला प्रभारी प्रो. मदन लाल गोयल, जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, मास्टर हुकमचंद, रत्नेश बंसल, कुलदीप चौहान, जतिन अनेजा, सुनील मूसेपुर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।













