रेवाड़ी। जिला बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के साथ ही नई कार्यकारिणी ने अपना कार्यभार संभाल लिया। जिला बार रूम में आयोजित कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश जीएस वाधवा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
वार्षिक चुनाव में निर्वाचित प्रधान सौरभ राव, उपप्रधान सामान्य अरुण यादव, उपप्रधान महिला आरक्षित भागेश, सचिव विशाल यादव, सहसचिव नीरू यादव और कोषाध्यक्ष महेश ने शपथ ली। निर्वाचन अधिकारी अश्वनी तिवारी, चौधरी चरण सिंह, शमशेर सिंह यादव और रमेश यादव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेणुका सोलखे भी मौजूद रहीं।

नवनिर्वाचित प्रधान सौरभ राव ने कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय और मधुर संबंध बनाए रखने के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं की समस्याओं और उनके हितों के लिए हमेशा उपलब्ध रहेगी।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश जीएस वाधवा ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए आपसी भाईचारा बनाए रखने और बार-बेंच के बीच बेहतर तालमेल के साथ काम करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों के लिए लंच का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर रेवाड़ी के साथ कोसली और बावल बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारी भी मौजूद रहे।













