नूंह/पुन्हाना (Best24News)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नूंह जिले के पुन्हाना में आयोजित ‘मेवात विकास संकल्प रैली’ में शिरकत करते हुए मेवात क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और रोजगार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कांग्रेस के बगावती विधायक मोहम्मद इलियास खान के पुत्र जावेद अहमद एडवोकेट के नेतृत्व में आयोजित इस विशाल रैली में मुख्यमंत्री ने मेवात के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए अमर शहीद हसन खान मेवाती को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मेवात कैडर में 1496 युवाओं को मिली पारदर्शी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मेवात आने वाले समय में विकास और विश्वास की नई पहचान बनेगा। विकसित भारत का मार्ग केवल दिल्ली और चंडीगढ़ से नहीं, बल्कि पुन्हाना, फिरोजपुर झिरका, तावड़ू, नगीना और मेवात के गांवों से होकर गुजरता है।”युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने दोहराया कि हरियाणा सरकार बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जानकारी दी कि:
- मेवात कैडर में 1496 युवाओं का चयन हुआ है।
- पुन्हाना-पिनंगवा क्षेत्र के 32 बच्चों को शिक्षक पदों पर नियुक्ति मिली है।
- पूरी भर्ती प्रक्रिया बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है।
CM नायब सैनी द्वारा नूंह व मेवात के लिए की गई मुख्य घोषणाएं:

जावेद अहमद एडवोकेट द्वारा रखी गई 32 मांगों पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए राहतों का पिटारा खोल दिया है। यहां पढें घोषणाए
- पुन्हाना और पिनंगवा क्षेत्र में यूनिवर्सिटी स्थापना की संभावनाओं के लिए एक विशेष समिति के गठन का ऐलान।
- नगीना और घासेड़ा के स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में अपग्रेड करने की घोषणा।
- पुन्हाना और पिनंगवा में DHBVN (दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम) के नए कार्यालय खोले जाएंगे।
- पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए ₹5 करोड़ का अतिरिक्त बजट।
- नमो भारत (RRTS) परियोजना के विस्तार के लिए केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से पैरवी करने का आश्वासन।
- शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य
https://x.com/ians_india/status/2080926618059698635/photo/1
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेवात में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हो रहे ऐतिहासिक कार्य इस बड़े बदलाव के प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने और क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

इलियास खान के शामिल न होने पर बेटे जावेद अहमद ने दी सफाई
रैली के दौरान मंच पर कांग्रेस के बागी विधायक मोहम्मद इलियास खान की गैरमौजूदगी पर उनके पुत्र जावेद अहमद एडवोकेट ने स्थिति साफ की। उन्होंने बताया कि उनके पिता स्वास्थ्य संबंधी कारणों (डायलिसिस) के चलते कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि इसे लेकर कोई राजनीतिक अटकलें नहीं लगाई जानी चाहिए, जहाँ बेटा काम कर रहा है, वहाँ विधायक का भी पूरा समर्थन है।
भाजपा में शामिल हुए कई प्रमुख चेहरे
इस रैली के दौरान तावड़ू नगर पालिका की पूर्व चेयरपर्सन मनीता गर्ग सहित कई अन्य स्थानीय नेताओं व समर्थकों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मंच पर कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पिंटू, चौधरी जाकिर हुसैन, विधायक नोक्षम चौधरी, नसीम अहमद, भानीराम मंगला और एजाज खान सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।














