
Haryana News: हरियाणा सरकार के द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को बड़ा तोहफा दिया गया है। 15 तारीख को सिरसा से तखत सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़, महाराष्ट्र के लिए विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है और उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के द्वारा खुद हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को रवाना किया जाएगा।
यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सिरसा के डीसी शांतनु शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल और पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने रेलवे स्टेशन और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया।
प्रशासन के द्वारा बताया गया है कि तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ यातायात संचालन को भी सुचारू बनाए रखने की योजना तैयार की गई है ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने जानकारी दिया की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत यह यात्रा पूरी तरह निशुल्क होगी और इसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक शामिल हो सकेंगे। सिरसा जिले से 400 श्रद्धालुओं ने इस यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है।
सरकार की इस योजना को वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक बड़ी राहत और सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय से धार्मिक यात्रा की इच्छा रखने वाले बुजुर्गों के लिए यह पहल बेहद खास मानी जा रही है, क्योंकि इसके जरिए उन्हें बिना किसी आर्थिक बोझ के पवित्र स्थल के दर्शन का अवसर मिलेगा।









