धारूहेड़ा: राजकीय वमा विद्यालय मसानी में बुधवार को जिला स्तरीय पर्यावरण क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों की 50 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण, जल और वायु संरक्षण, जैव विविधता, प्रदूषण नियंत्रण तथा प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े सवाल पूछे गए।

कार्यक्रम जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया और जिला उप शिक्षा अधिकारी अरविंद यादव के मार्गदर्शन में हुआ। जिला विज्ञान विशेषज्ञ रेनू को प्रतियोगिता की नोडल अधिकारी बनाया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नम्रता सचदेवा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। जिला गणित विशेषज्ञ अशोक नामवाल भी मौजूद रहे। सोनिया, विक्रम, संदीप और नीरू ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता में बोड़िया कमालपुर स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। कनौरी स्कूल की टीम दूसरे और पीएम श्री बावल बॉयज स्कूल की टीम तीसरे स्थान पर रही। विजेता टीमों और प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई और जल संरक्षण, स्वच्छता तथा पौधारोपण के लिए लगातार प्रयास करने का आह्वान किया। अरविंद यादव ने विद्यार्थियों से अपने घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की। नोडल अधिकारी रेनू ने जल, वायु और जैव विविधता के संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।













