
धारूहेड़ा। शहर के लाला मनीराम बाग में श्री राम रामलीला क्लब धारूहेड़ा की ओर से आयोजित रामलीला के तीसरे दिन भगवान श्रीराम द्वारा ताड़का वध और राम-लक्ष्मण के जनकपुरी प्रस्थान का मंचन किया गया। कलाकारों के अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ताड़का वध के दृश्य पर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।

मंचन में दिखाया गया कि महर्षि विश्वामित्र श्रीराम और लक्ष्मण को लेकर वन में पहुंचते हैं, जहां ताड़का का आतंक फैला हुआ था। ऋषि-मुनियों की रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए भगवान श्रीराम ताड़का का वध करते हैं। इसके बाद महर्षि विश्वामित्र दोनों भाइयों को लेकर जनकपुरी के लिए रवाना होते हैं, जहां राजा जनक की ओर से सीता स्वयंवर का आयोजन किया जा रहा था। गंगा घाट पर पंडों ने रघुवंश की वंशावली के बारे में भी लोगों को जानकारी दी। जनकपुरी प्रस्थान के प्रसंग के साथ ही दर्शकों में आगामी धनुष यज्ञ और सीता स्वयंवर को लेकर उत्सुकता बढ़ गई।
रामलीला के माध्यम से धर्म, साहस और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया। मंचन में ताड़का की भूमिका राहुल जोशी, राम की भूमिका लक्ष्मण प्रजापत, लक्ष्मण की भूमिका मोंटी और विश्वामित्र की भूमिका प्रकाश प्रजापत ने निभाई। इसके अलावा तरुण शौर्या, रतन चांगवाल, लीलाधर सैन, सुभाष अग्रवाल, अरुण सैन, सुनील यादव, मुकेश चांगा, शेर सिंह प्रजापत, दलीप सिकरवाल, रमेश सिकरवाल, राजकुमार शर्मा और डॉ. अश्विनी शर्मा सहित अन्य कलाकारों ने विभिन्न भूमिकाएं निभाईं।
ये भी पढ़ें:धारूहेड़ा ट्यूलिप सिटी सोसाइटी में समस्याओं को लेकर बैठक, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
