बरनाला। चप्पा गांव में बिजली का पोल लगाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान थिंक गैस की सिटी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने से गैस रिसाव शुरू हो गया। थिंक गैस के अनुसार, खुदाई से पहले कंपनी को इसकी सूचना नहीं दी गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही थिंक गैस की आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित पाइपलाइन हिस्से को अलग कर गैस आपूर्ति को नियंत्रित किया। कंपनी का कहना है कि कुछ समय बाद गैस आपूर्ति बहाल कर दी गई और स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानी को कम किया गया।
कंपनी के अनुसार, पाइपलाइन मार्ग पर रूट मार्कर, चेतावनी संकेत और आपातकालीन संपर्क नंबर लगाए गए हैं। इसके बावजूद बिजली के पोल लगाने के लिए खुदाई करने वाले ठेकेदार ने काम शुरू करने से पहले कंपनी को सूचना नहीं दी। कंपनी का यह भी कहना है कि घटना के बाद ठेकेदार की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई।
थिंक गैस ने बताया कि खुदाई कार्य से पहले संबंधित एजेंसी या सिटी गैस वितरण कंपनी को ‘डायल बिफोर यू डिग’ सुविधा के माध्यम से सूचना देना जरूरी है। कंपनी ने घटना को लेकर जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
टोल-फ्री नंबर जारी: थिंक गैस ने ठेकेदारों और अन्य एजेंसियों से गैस पाइपलाइन वाले क्षेत्रों में खुदाई से पहले आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करने की अपील की है। कंपनी ने खुदाई संबंधी जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 18001025107 जारी किया है।













