धारूहेड़ा(Best24News): धारूहेड़ा के नंदरामपुर बास रोड स्थित भूप विहार कॉलोनी में बुधवार रात बेखौफ चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए कमरे का ताला तोड़कर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय मकान मालिक रात की ड्यूटी पर गया हुआ था, जबकि उसकी पत्नी व बच्चे मायके गए हुए थे। सूचना मिलने के बाद थाना धारूहेड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ड्यूटी से लौटने पर मिला ताला टूटा, घर में बिखरा था सामान
थाना धारूहेड़ा पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गांव हथोरा के मूल निवासी अनुपम कुमार ने बताया कि वह फिलहाल नंदरामुपर बास रोड पर भूप विहार कॉलोनी में किराए पर परिवार के साथ रहते हैं और धारूहेड़ा स्थित ‘रिइवेंट कंपनी’ में कार्यरत हैं।

अनुपम ने बताया कि 23 सितंबर की रात वह कंपनी में नाइट शिफ्ट की ड्यूटी पर गए थे। गुरुवार सुबह जब वह ड्यूटी खत्म करके कमरे पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था। अलमारी व बेड जांच करने पर पता चला कि चोर उनकी पत्नी के लगभग दो लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। उसने बताया कि उसकी पत्नी करीब एक महा से मायके गई हुई है। मकान को सूना था चोरो ने सेंघ लगा दी।
धारूहेड़ा में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातें, पुलिस कार्रवाई पर सवाल
धारूहेड़ा कस्बे और आसपास के इलाकों में चोरी की वारदातों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी से स्थानीय निवासियों में गहरा रोष है। पिछले एक महीने के भीतर ही वार्ड नंबर 14 में आधा दर्जन से अधिक चोरियों और एक परिवार को बंधक बनाकर लूट की गंभीर वारदात हो चुकी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस को कई मामलों में स्पष्ट सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सौंपे जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है।

एसपी से भी लगा चुके हैं गुहार: लगभग 10 दिन पहले ही वार्ड पार्षद अनिल कुमार और धारूहेड़ा नगरपालिका चेयरमैन अजय जांगड़ा ने पुलिस अधीक्षक (SP) से मिलकर चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की थी। हालांकि, जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। फिलहाल थाना धारूहेड़ा पुलिस ने अनुपम कुमार की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।













