Blast in Hans Nagar: रेवाड़ी के मोहल्ला हंस नगर में गत 5 जुलाई को एक घर में पाइपलाइन से गैस रिसाव के बाद हुए दर्दनाक ब्लास्ट और दो लोगों की मौत के मामले में रेवाड़ी पुलिस ने मामले में संलिप्त तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि पिछले कई दिनो से इसको लेकर पुलिस कोई निर्णय नहीं ले पा रही थी।

डीसी ने बनाई 4 सदस्यीय कमेटी
एफएसएल की रिपोर्ट में देरी को देखते हुए डीसी अभिषेक मीणा ने तत्कालीन डीएमसी ब्रह्मप्रकाश की अगुवाई में 4 सदस्यीय कमेटी गठित की थी। जिसमें संबंधित विभाग के विशेषज्ञों को शामिल किया था। पुलिस भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने भी ब्लॉस्ट का कारण गैस को ही माना था, परंतु गैस आईजीएल ही थी, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं की थी। अब जांच मे यह तय हुआ है आइजीएल की गैस लिकेज से ही हादसा हुआ था।
जांचकर्ता ने बताया की मोहल्ला हंस नगर रेवाड़ी निवासी पीड़िता मधु ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था की गत 5 जुलाई को पीएनजी पाइपलाइन टेस्टिंग के दौरान उनके घर के पास गैस एकत्रित हो गई थी, जिसकी दुर्गंध उसके पति सतबीर ने हादसे से ठीक पहले महसूस की थी। जब उनकी बेटी तन्नू ने कपड़े प्रेस करने के लिए बिजली का स्विच ऑन किया, तो अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में उसके पति सतबीर, बेटी तन्नू, पड़ोसी जयभगवान और 2 वर्षीय भतीजी खुशी गंभीर रूप से झुलस गए थे। आग बुझाने के प्रयास में उसके हाथ भी झुलस गए थे।
उपचार के दौरान सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली में 9 जुलाई को पीड़िता की बेटी तन्नू तथा 11 जुलाई को पीड़िता के पति सतबीर सिंह की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। पीड़िता ने इस हादसे के लिए आईजीएल (IGL) कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया था, जिस पर पुलिस ने थाना माडल टाउन रेवाड़ी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस की कार्रवाई व गिरफ्तारी:
जो मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने जांच का जिम्मा प्रबंधक थाना सदर रेवाड़ी, पीएसआई राकेश कुमार को सौंपा था।
प्रबंधक थाना सदर रेवाड़ी पीएसआई राकेश कुमार के नेतृत्व में की गई गहन जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह हादसा पीएनजी (PNG) गैस लीक होने के कारण हुआ था। जांच के आधार पर पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में आईजीएल का ठेका लेने वाली कंपनी ‘डीएससी ट्रेडर्स’ के प्रोजेक्ट मैनेजर राहुल निवासी वार्ड नं. 8 धारूहेड़ा, सुपरवाइजर रंजीत निवासी गांव काठूवास और सहयोगी कंपनी ‘ रेजोनेंस’ के आरसीएम संदीप कुमार निवासी गोविंदपुरी, मोदीनगर, जिला गाजियाबाद (यूपी) को गिरफ्तार कर लिया है।













