बावल। प्राणपुरा रोड पर नवनिर्मित सावित्री देवी पंडित मोतीलाल राजकीय बावल महिला कॉलेज के नए भवन में छात्राओं की कक्षाएं शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। उच्च शिक्षा निदेशालय से बावल महिला कॉलेज को नए भवन में शिफ्ट करने की मंजूरी मिल गई है। इसके बाद अगले सप्ताह तक छात्राओं को नए भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। नए भवन में पढ़ाई शुरू होने से बावल के साथ राजस्थान के आसपास के गांवों से आने वाली छात्राओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
9 साल बाद नए भवन में पढ़ाई का इंतजार खत्म
राजकीय महिला महाविद्यालय बावल की स्थापना मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद 25 फरवरी 2017 को हुई थी। शैक्षणिक सत्र 2018-19 से कॉलेज में कक्षाएं शुरू हुईं, लेकिन स्थायी भवन का इंतजार लंबे समय तक जारी रहा। फिलहाल कॉलेज की कक्षाएं कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के केवल पांच कमरों में चल रही हैं। सीमित कमरों के कारण छात्राओं और कॉलेज स्टाफ को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

नवनिर्मित भवन का उद्घाटन जून 2026 में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया था। उद्घाटन के बाद भी कॉलेज को नए भवन में शिफ्ट करने की औपचारिक मंजूरी का इंतजार था। अब निदेशालय से स्वीकृति मिलने के बाद शैक्षणिक सत्र 2026-27 में छात्राओं को नए भवन की सुविधा मिलने जा रही है।
नए भवन में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
कॉलेज के प्राचार्य नरेश कुमार यादव ने बताया कि नए भवन में छात्राओं को पहले की तुलना में बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा। भवन में पर्याप्त कक्षों के साथ पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, सेमिनार हॉल और विभिन्न विषयों की प्रयोगशालाएं बनाई गई हैं।
नए भवन में फिजिक्स, केमिस्ट्री और भूगोल की लैब के अलावा आरओ वाटर, कैंटीन, कॉमन रूम, मीटिंग हॉल, पार्क और खुला छायादार पार्किंग स्थल भी उपलब्ध है। छात्राओं के लिए बास्केटबॉल, खो-खो और कबड्डी सहित खेल सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
नए भवन में कक्षाएं शुरू होने के बाद कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेल और अन्य गतिविधियों का भी विस्तार होने की उम्मीद है। लंबे समय से सीमित संसाधनों में पढ़ाई कर रही छात्राओं को अब एक साथ बेहतर कक्षाएं और जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी।











