रेवाड़ी के बार एसोसिएशन के चुनाव का इंतजार खत्म हो गया। रेवाड़ी बावल व कोसली में आज यानि शुक्रवार का मतदान होगा। आज रेवाड़ी, बावल व कोसली बार की चौधर का फैसला हो जाएगा। इस बार रेवाड़ी में चुनाव में छह पदों के लिए 15 उम्मीदवार मैदान में हैं और कुल 2183 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। खास बात यह है कि रेवाड़ी बार एसोसिएशन के इतिहास में पहली बार दो उपप्रधान पदों के लिए चुनाव होने जा रहा है। ऐसे में इन पदों पर मुकाबला खासा रोचक माना जा रहा है।
सुबह 8 से चार बजे तक होगा
निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट सतीश डागर, अश्विनी कुमार तिवारी, शमशेर सिंह यादव, चौधरी चरण सिंह, नरेश यादव और रमेश यादव ने बताया कि प्रत्येक मतदाता को छह पदों के लिए छह अलग-अलग मशीनों पर मतदान करना होगा। प्रत्येक बूथ पर छह मशीनें लगाई जाएंगी। मतदान में अधिक समय लगने की संभावना को देखते हुए अधिवक्ताओं से समय पर पहुंचने की अपील की गई है। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मतदान कक्ष में ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। वैध पहचान पत्र के साथ ही मतदान किया जा सकेगा। मतदान सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा और इसके तुरंत बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
एक साल में 307 मतदाता बढ़े
वर्ष 2025 में 1,876 मतदाता थे, जबकि इस बार मतदाता संख्या बढ़कर 2,183 हो गई है। यानी करीब 16.4% की बढ़ोतरी हुई है। पिछले चुनाव में करीब 87.8% मतदाताओं ने मतदान किया था। इस लिहाज से इस बार भी मतदान प्रतिशत चुनावी समीकरणों में अहम भूमिका निभा सकता है।
नही आया कोई रूझान: हार जीत को लेकर इस बार कोई खास रूझान नही मिला है। अलग-अलग उम्मीदवारों की ओर से अपने-अपने स्तर पर समर्थन का दावा किया जा रहा है, इसी को लेकर मुकाबला काफी नजदीकी माना जा रहा है। इस बार कई उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला है। अंतिम समय में मतदाताओं का रुझान किस ओर जाता है, यह परिणाम में अहम भूमिका निभा सकता है। खासकर पहली बार दो उपप्रधान पदों पर होने वाला चुनाव भी पूरे मुकाबले का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है।
पुराने चेहरे भी कर सकते है मतदान: बता इस बार चुनाव काफी रोचक हो गया है। चुनाव में इस बार कई प्रमुख चेहरे भी मतदान करेंगे। पूर्व मंत्री जसवंत सिंह बावल, पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव और इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता रजवंत डहीनवाल लंबे समय से बार एसोसिएशन के सदस्य हैं और इस बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।













