महेंद्रगढ़ (Best24News): रेलवे में यात्रा करने वालो के लिए एक जरूरी सूचना है। रेलवे की ओर से सितंबर के आखिरी सप्ताह और अक्टूबर की शुरुआत में कई ट्रेनों में बदलाव किया जा रहा है। मध्य रेलवे (ECR) के दानापुर और सोनपुर मंडल में जारी तकनीकी एवं ढांचागत विकास कार्यों के चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार राजेन्द्रपुल, हाथीदह अपर टॉल जंक्शन, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशनों पर तकनीकी कार्य चल रहा है। इसके चलते महेंद्रगढ़ जिले से होकर गुजरने वाली भगत की कोठी-कामाख्या एक्सप्रेस और कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस को अलग-अलग तारीखों पर डायवर्टेड (बदले हुए) रूट से चलाया जाएगा। रूट बदलने के कारण कई प्रमुख बड़े स्टेशनों पर इन ट्रेनों का ठहराव नहीं रहेगा।
गाड़ी संख्या 15623 का बदला रूट
- 22 सितंबर 2026: भगत की कोठी से रवाना होने वाली यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग के बजाय दानापुर-पाटलीपुत्र-शाहपुर पटोरी-बरौनी के रास्ते संचालित होगी। इस बदलाव के कारण ट्रेन पटना स्टेशन नहीं जाएगी।
- 29 सितंबर 2026: यह ट्रेन अपने निर्धारित रूट के बजाय वाराणसी-छपरा-शाहपुर पटोरी के परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी। इस दिन भी ट्रेन का पटना स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा।
गाड़ी संख्या 15624 का बदला रूट
- 25 सितंबर और 2 अक्टूबर 2026: कामाख्या से प्रस्थान करने वाली यह ट्रेन दोनों तारीखों पर बरौनी-शाहपुर पटोरी-छपरा-वाराणसी के रास्ते चलाई जाएगी।
- इन प्रमुख स्टेशनों पर नहीं रुकेगी ट्रेन: मार्ग में बदलाव के कारण यह ट्रेन पटना, आरा, बक्सर, गहमर, ईस्ट आउटर केबिन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU/मुगलसराय) स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने इस रूट के दैनिक और लंबी दूरी के यात्रियों को सलाह दी है कि वे इन तारीखों में अपनी यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे हेल्पलाइन ‘139’ या ‘NTES App’ (National Train Enquiry System) के माध्यम से अपनी ट्रेन की लाइव रनिंग स्थिति और रूट की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचने पर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।












