गोकलपुर दोहरा हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, देसी पिस्टल बरामद

On: September 16, 2026 8:44 PM
Follow Us:
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

रेवाड़ी। गोकलपुर दोहरा हत्याकांड के मामले में बुधवार को रेवाड़ी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पातुहेड़ा निवासी सुनील उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल बरामद की गई है।

21 अगस्त को की थी वारदात: डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि 21 अगस्त को गोकलपुर के पास तीन युवक घायल अवस्था में मिले थे। पुलिस मौके पर पहुंची तो मांढ़िया कलां निवासी जतिन की मौत हो चुकी थी। दो घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां निगानियावास निवासी हिमेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बुड़ाना निवासी यशपाल को मामूली चोटें आई थीं। मृतक जतिन के पिता देशराज की शिकायत पर सदर रेवाड़ी थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा कार बरामद: पुलिस के अनुसार, मामले में तरुण उर्फ टीका निवासी बुड़ानी, मंजीत निवासी सिलारपुर, रितेष निवासी खेड़ा मुरार, मनीष निवासी कुंभावास, पवित्र और गौरव उर्फ गुल्लू निवासी जड़थल को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा कार भी बरामद की थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 5 अगस्त को कांवड़ यात्रा की तैयारी के दौरान यशपाल पक्ष और बुड़ानी निवासी नीरज के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद 12 अगस्त को मारपीट की एक घटना हुई, जिसका मामला धारूहेड़ा थाना में दर्ज है। पुलिस के मुताबिक इसी रंजिश के चलते 21 अगस्त को गोकलपुर के पास वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने मंगलवार को सुनील उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जांच जारी है।

Harsh Chauhan

मेरा नाम हर्ष चौहान है। मैं Best24News में कंटेंट राइटर के लगभग 4 सालों से काम रहा हूँ । मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगों तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now