बावल (रेवाड़ी) | Best24News Desk: मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत रविवार (26 जुलाई) को नगर पालिका बावल परिसर में भव्य मुख्यमंत्री अंत्योदय मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर विधायक का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, एडीसी राहुल मोदी और एसडीएम संजीव कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे।
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही लक्ष्य: डॉ. कृष्ण कुमार
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ कार्य कर रहे हैं। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने बताया कि प्रदेश की 22 चयनित विधानसभाओं में यह मेला आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बावल भी शामिल है। उन्होंने बावल के विकास का ज़िक्र करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

800 से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण
मेले के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र परिवारों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए। पशुपालन एवं डेयरी विभाग, महिला विकास निगम, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम, कौशल विकास निगम, एमएसएमई, रोजगार विभाग, रेडक्रॉस और सीएससी (CSC) सहित कुल 19 विभागों ने स्टॉल लगाए। मेले में स्वरोजगार, कौशल विकास, ऋण सुविधा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने के लिए 800 से अधिक नागरिकों का पंजीकरण किया गया।
ये रहे मौजूद: बता दे कि इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी रेणु बाला, जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव, बीडीपीओ शुभम, नायब तहसीलदार श्यामसुंदर, भाजपा जिला महामंत्री कुलदीप चौहान, मंडल अध्यक्ष रमेश, पूर्व पार्षद कुमारी गीता, अर्जुन चौकन और ईश्वर सिंह चनेजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।














