रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी शहर के सेक्टर-1 स्थित बावल से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक डॉ. कृष्ण कुमार के कार्यालय के सामने शनिवार दोपहर बाद ढाणी चांदपुर गांव की महिलाओं और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। गांव में पीने के पानी और सड़कों की खस्ताहाल स्थिति की शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों का आरोप है कि विधायक के निजी सचिव (PA) ने सस्पेंडेड सरपंच को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद वहां विवाद गहरा गया।
सस्पेंडेड सरपंच पर दबंगई और मारपीट का आरोप: धरनास्थल पर मौजूद ग्रामीण अमित ने आरोप लगाया कि गांव का सरपंच धर्मेंद्र वर्तमान में सस्पेंड चल रहा है। पंचायत का नियमानुसार प्रभार बहुमत वाले पंच के पास होना चाहिए, लेकिन इसके बावजूद निलंबित सरपंच ही पंचायत का पूरा कामकाज देख रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनकी कॉलोनी वैध (Approved) है, फिर भी वहां की गलियां आज तक कच्ची पड़ी हैं और पीने का साफ पानी उपलब्ध नहीं है। आरोप है कि सस्पेंडेड सरपंच राजनीतिक द्वेष भावना के कारण कॉलोनी में विकास कार्य नहीं होने दे रहा। ग्रामीणों के अनुसार, जब वे अपनी शिकायत लेकर विधायक कार्यालय पहुंचे, तो वहां मौजूद पीए ने फोन करके सस्पेंडेड सरपंच धर्मेंद्र को मौके पर बुला लिया।
महिलाओं का आरोप है कि विधायक दफ्तर के बाहर ही निलंबित सरपंच ने शिकायत लेकर आई महिलाओं के साथ हाथापाई व मारपीट की तथा उन्हें जान से मारने (गोली मारने) की धमकी दी।घटना के तुरंत बाद गुस्साए ग्रामीणों और महिलाओं ने विधायक कार्यालय के मुख्य द्वार पर नारेबाजी शुरू कर दी और वहीं धरने पर बैठ गए।
मामले की संवेदनशीलता और हंगामे की सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस की टीमें तुरंत सेक्टर-1 स्थित विधायक कार्यालय पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। वही सुरक्षा को लेकर मंत्री की कोठी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।













