रेवाड़ी (Best24News) हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण (PWD) मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि आम नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जाए। अगर सही समय समस्याओ का समाधान नहीं किया तो तथा अगर लापरवाही मिली तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
कैबिनेट मंत्री शुक्रवार को बाल भवन रेवाड़ी के सभागार में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में कुल 16 परिवाद (शिकायतें) रखी गईं, जिनमें से 8 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष 8 मामलों में जांच व कार्रवाई के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

10 साल से लटका था HSVP प्लॉट का कब्ज़ा
बता दे कि बैठक के दौरान रेवाड़ी निवासी मनजीत ने शिकायत रखी कि उन्हें वर्ष 2014 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) से कागजी तौर पर प्लॉट मिला था, लेकिन 10 साल बीत जाने के बाद भी भौतिक कब्ज़ा (Physical Possession) नहीं मिला। इस पर लोक निर्माण मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एक माह के भीतर शिकायतकर्ता को प्लॉट का भौतिक कब्ज़ा दिलवाया जाए और इस मामले में आगे कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
सादात नगर कॉलोनी प्रारूप मामले में एडीसी राहुल मोदी करेंगे जांच
सादत नगर निवासी गजराज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि कोसली स्थित उनकी कॉलोनी को सरकार ने नियमित (Regularize) तो कर दिया है, लेकिन प्रशासनिक व सामाजिक दृष्टि से सही नक्शा और प्रारूप तैयार नहीं हो पाया है, जिससे आम रास्तों की समस्या हो रही है। मंत्री रणबीर गंगवा ने इस मामले में एडीसी (ADC) राहुल मोदी को जांच के आदेश दिए हैं और जिला नगर योजनाकार (DTP) कार्यालय में निवारण न होने के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
लाखनौर में अवैध खनन और दुर्गा कॉलोनी में सीवरेज जाम पर एक्शन
अवैध खनन पर कार्रवाई: गांव लाखनौर निवासी हरपाल की खेत के रास्ते पर अवैध मिट्टी खनन की शिकायत पर मंत्री ने मौके पर प्रशासनिक रिपोर्ट तैयार करने और दोषियों के खिलाफ उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दुर्गा कॉलोनी निवासियों की सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या पर जनस्वास्थ्य मंत्री ने पब्लिक हेल्थ और नगर परिषद रेवाड़ी के अधिकारियों को ठेकेदार पर कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने याद दिलाया कि अमृत योजना के तहत लाइन बिछाने वाले ठेकेदार की 5 साल तक देखरेख (Maintenance) की जिम्मेदारी होती है।
इस अवसर पर रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अरुण नांदल को निर्देश दिए कि जो लोग सीवरेज लाइनों में पालतू पशुओं का गोबर बहा रहे हैं, उनके चालान काटे जाएं। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक शुरु होने से पहले लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने बाल भवन सभागार के नवीकरण स्वरूप का लोकार्पण किया। सभागार के नवीनीकरण कार्य में 27 लाख की राशि खर्च की गई है।
ये रहे मौजूद: बैठक में कोसली के विधायक अनिल यादव, बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार, डीसी अभिषेक मीणा, पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा, एडीसी राहुल मोदी, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. वंदना पोपली, नगर परिषद चेयरमैन विनीता पीपल, पीपीपी के स्टेट कोऑर्डिनेटर सतीश खोला, डीएमसी ब्रह्म प्रकाश, एसडीएम विजय कुमार यादव, एसडीएम संजीव कुमार, धारूहेड़ा पालिका के चेयरमैन अजय जांगड़ा, भाजपा जिला महामंत्री हिमांशु पालीवाल, अधीक्षक अंभियंता पब्लिक हेल्थ सतीश राठी, बीएंडआर के एसई पंकज गौड़, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता प्रदीप यादव, जिला राजस्व अधिकारी प्रदीप देसवाल, उदयभान डागर, अनिल भारद्वाज, राजकुमार कतोपुरा आदि मौजूद रहे।














