रेवाड़ी (Best24News): जिला वासियों की समस्याओं व शिकायतों का मौके पर समाधान करने के लिए जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक सोमवार, 24 अगस्त को आयोजित की जाएगी। यह बैठक शहर के बाल भवन रेवाड़ी में प्रातः 11:00 बजे शुरू होगी। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (Public Health Engineering) एवं लोक निर्माण (PWD) मंत्री रणबीर गंगवा करेंगे।
12 परिवादों पर होगी सुनवाई, 8 नए मामले शामिल
उपायुक्त (DC) अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवेदना समिति की इस बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 12 परिवादों को रखा गया है। इनमें से 8 नए मामले हैं जबकि 4 पुराने (लंबित) मामले शामिल हैं।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा इन सभी परिवादों की सुनवाई करेंगे और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही दिशा-निर्देश जारी करेंगे। इसके अलावा, बैठक में उपस्थित आम नागरिकों की शिकायतों को भी सुना जाएगा।
ये रहेगें मौजूद: बैठक के सफल संचालन और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। इस अवसर पर जिले के सभी विधायक, विभागों के विभागाध्यक्ष (HODs) पंचायत व नगर निकाय समितियों के चेयरमैन, जिला कष्ट निवारण समिति के गैर-सरकारी सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे ताकि जनसमस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया जा सके।














