रेवाड़ी के बाल भवन में सोमवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जन स्वास्थ्य मंत्री रणवीर सिंह गंगवा ने की। कैबिनेट मंत्री ने ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त कर यहां नाली बनवाने के निर्देश दिए। बैठक में 13 परिवादों की सुनवाई की गई, जिनमें से 4 का मौके पर निपटारा किया गया। शेष मामलों में अध्यक्ष ने रिपोर्ट दिए जाने के निर्देश दिए। बैठक में सीवर कार्य में लापरवाही बरतने पर नगर परिषद रेवाड़ी के एसडीओ को चार्जशीट करने के आदेश दिए गए। मंत्री ने 12 में से पांच मामलों में एसडीएम व एडीसी को जांच करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर रेवाड़ी के एसडीएम दलबीर सिंह, कोसली के एसडीएम विजय कुमार यादव, बावल के एसडीएम संजीव कुमार, जिला नगर आयुक्त प्रदीप अहलावत, नगराधीश जितेंद्र कुमार, भाजपा जिला महामंत्री हिमांशु पालीवाल, महामंत्री कुलदीप चौहान सहित विभागीय अधिकारी व जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्य मौजूद रहे।
समस्याओ को जल्दी करें समाधान: बडे ही दुख की बात है छोटी छोटी समस्याएं यहां पर आ रही है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में पानी निकासी से जुड़ी छोटी-छोटी समस्याओं का अधिकारी अपने स्तर पर ही समाधान करें। लोगों को शिकायत लेकर बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

एसडीएम को जांच के आदेश
बैठक में करीना निवासी सतपाल फौजी की शिकायत पर भी संज्ञान लिया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि एक ही जमीन को एक व्यक्ति ने दो अलग-अलग लोगों को बेच दिया। दोनों के नाम जमीन की रजिस्ट्री और इंतकाल भी दर्ज हो गए। मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम को जांच के आदेश दिए हैं।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मंत्री ने कहा कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को जनता की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करना होगा।उनके साथ बैठक में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, कोसली के विधायक अनिल यादव, बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार, डीसी अभिषेक मीणा, पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा, एडीसी राहुल मोदी, पीपीपी स्टेट को-ऑर्डिनेटर डा. सतीश खोला, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. वंदना पोपली आदि मौजूद रहे।














