रेवाड़ी / कोसली (Best24News): डिजिटल लेनदेन के दौर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रेवाड़ी साइबर पुलिस ने घर बैठे वर्क फ्रॉम होम (Work From Home) और मोटा पैसा कमाने का झांसा देकर कोसली क्षेत्र के एक युवक से 8 लाख 80 हजार 62 रुपये हड़पने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तराखंड के रुड़की निवासी मोहित भट्ट और गांव मतलबपुर (उत्तराखंड) निवासी प्रशन्नवीर सिंह उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है।
टेलीग्राम और व्हाट्सऐप के जरिए जाल में फंसाया
कोसली पुलिस के अनुसार, आदर्श नगर निवासी पीड़ित यशस्वी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने 20 दिसंबर को वर्क फ्रॉम होम के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। अगले ही दिन उसके मोबाइल पर टेलीग्राम और व्हाट्सऐप के जरिए ‘दीक्षा’ नाम की युवती ने संपर्क किया और खुद को एक नामी कंपनी का प्रतिनिधि बताकर काम दिलाने का झांसा दिया।
पहले डेमो देकर जीता भरोसा
साइबर ठगों ने पीड़ित को ‘फिलिपिंग ऑर्डर’ का काम समझाया और शुरुआत में एक टास्क (डेमो) पूरा करने पर उसके खाते में 750 रुपये वापस भेजे। पैसा खाते में आते ही पीड़ित का भरोसा बढ़ गया। इसके बाद ठगों ने झांसा देकर अलग-अलग यूपीआई (UPI) आईडी और बैंक खातों में पैसे जमा करवाने शुरू कर दिए:
26 दिसंबर: ₹11,000
27 दिसंबर: ₹11,000 और ₹21,616
28 दिसंबर: ₹30,000
29 दिसंबर: ₹1,00,000 (दो किस्तों में 50-50 हजार)
अंतिम चरण (मास फिलिपिंग के नाम पर): ₹2,34,718
इस प्रकार ठगों ने पीड़ित से कुल 8,80,062 रुपये ऐंठ लिए। जब पीड़ित ने अपना पैसा और मुनाफा वापस मांगा, तो आरोपियों ने और पैसों की मांग की। पैसे देने से इंकार करने पर ठगों ने पीड़ित का नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने साइबर पुलिस को शिकायत दी।
खाते उपलब्ध कराने और लेनदेन में हुआ खुलासा
पुलिस जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों से सामने आया कि ठगी की रकम में से 50 हजार रुपये मोहित भट्ट के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। वहीं, प्रशन्नवीर सिंह उर्फ प्रिंस ने मुख्य साइबर ठगों को बैंक खाता (Mule Account) मुहैया कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य साइबर अपराधियों और पैसों के लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।
⚠️ Best24News साइबर अलर्ट:
सावधान रहें! टेलीग्राम या व्हाट्सऐप पर ‘घर बैठे लाइक/रिव्यू करके पैसे कमाएं’ या ‘वर्क फ्रॉम होम’ के नाम पर आने वाले मैसेज से सावधान रहें। शुरुआती छोटे मुनाफे के लालच में आकर किसी भी अज्ञात बैंक खाते में बड़ी रकम जमा न कराएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।














