धारूहेड़ा: मसानी बैराज के गंदे पानी के खिलाफ 3 अगस्त को निकलेगी ट्रैक्टर यात्रा, डोर-टू-डोर चलाया जनसंपर्क अभियान
धारूहेड़ा (रेवाड़ी): Best24News Desk: मसानी बैराज में लगातार बह रहे दूषित और गंदे पानी के स्थाई समाधान एवं उपचार की मांग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 3 अगस्त को एक विशाल ट्रैक्टर-यात्रा निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से उपायुक्त (DC) को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

ट्रैक्टर यात्रा को शामिल होने के लिए सोमवार को अभियान दल ने तीतरपुर, मसानी डूंगरवास और रसगन डूंगरवास सहित कई गांवों में डोर-टू-डोर (घर-घर) जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया तथा इस दिन ज्यादा से ज्यादा शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार ने उनके साथ धोखा किया है। साफ पानी की आड में गंदा पानी छोडा जा रहा है। आस पास के गांवो जमीन बंजर हो चुकी है।
पहले आता था साफ पानी, अब बह रहा केमिकल युक्त नाला: कमल सिंह
अभियान के संयोजक एवं सेवानिवृत्त आरएफओ (RFO) कमल सिंह यादव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पहले मसानी बैराज में साफ पानी छोड़ा जाता था, जिससे आसपास का जलस्तर और पर्यावरण बेहतर रहता था। लेकिन अब इसमें दूषित और गंदा पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे आसपास के दर्जनों गांवों में जलभराव, बदबू और बीमारियों का खतरा पैदा हो गया है।
उन्होंने बताया कि इस गंदे पानी की निकासी और पक्के समाधान के लिए ही यह जनआंदोलन छेड़ा गया है। 3 अगस्त को होने वाली ट्रैक्टर यात्रा के सुचारू संचालन के लिए ग्रामीणों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

मांग पूरी करने के लिए जडथल से मसानी बैराज तक करीब 6 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन दबाई जाए। इससे गंदे पानी की समस्या का स्थाई समाधान होगा। प्रभावित गांवों को गंदगी से राहत मिलेगी। दूसरी मांग रखी गई कि, जवाहरलाल नेहरू कैनाल से लाल बहादुर शास्त्री कैनाल के रास्ते जडथल रिचार्ज में साफ पानी डालकर इसे दोबारा शुरू किया जाए। इससे इलाके में खुशहाली आएगी। मसानी बैराज पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकेगा। यह जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर स्थित है। दावा किया गया कि यह हिंदुस्तान का पहला पर्यटन स्थल होगा, जहां टूरिस्ट नेशनल हाईवे से सीधे आएंगे।
ये रहे मौजूद: मौके पर मसानी के सरपंच संजय यादव, पूर्व सरपंच नवल सिंह, दिनेश रसगण, मोहरसिंह निखरी, निहाल नंबरदार, विकास यादव, ब्लॉक समिति सदस्य धीरज यादव, सत्यवान, महिपाल खलियावास, रामफल यादव, रविंद्र बाबू जीतपुरा, शेरसिंह, देवेंद्र यादव और महिपाल सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।














