रेवाड़ी (Best24News): ‘हरियाणा फेडरेशन ऑफ यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज टीचर्स ऑर्गेनाइजेशन्स’ के आह्वान पर गुरुवार को इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (IGU), मीरपुर (रेवाड़ी) में उच्च शिक्षा एवं शिक्षकों-कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एक विशाल विरोध प्रदर्शन एवं धरने का आयोजन किया गया।
धरने में विभिन्न विश्वविद्यालयों, सरकारी एवं अनुदान प्राप्त (Govt. Aided) महाविद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों ने हिस्सा लेकर लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखीं। धरने में विश्वविद्यालय के छात्रों ने भी भाग लेकर अपना समर्थन दिया।’

शिक्षकों की प्रमुख मांगें:
- सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष हो: फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र खटकड़ ने मांग दोहराई कि विश्वविद्यालय और कॉलेज शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष की जाए।
- 100% सरकारी बजटीय प्रावधान: राज्य विश्वविद्यालयों के कर्मचारियों के वेतन और पेंशन के लिए 100 प्रतिशत सरकारी बजटीय मदद दी जाए।
- 4 साल से खाली पदों को खत्म करने का नियम रद्द हो: चार वर्ष से अधिक समय से रिक्त पदों को समाप्त करने वाले नियम को वापस लेकर सभी स्वीकृत पदों पर प्राथमिकता के आधार पर पक्की भर्तियां की जाएं।
- पुरानी पेंशन (OPS) की बहाली: राज्य विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को लागू करने और NPS कर्मचारियों को ग्रेच्युटी/चिकित्सा सुविधाएं देने की मांग की गई।
- रिसर्च एवं Ph.D. गाइड प्रावधान: कॉलेज शिक्षकों को Ph.D. गाइड बनने का अवसर दिया जाए और विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के लिए 20% सीटें आरक्षित की जाएं।
- 5-Day Work Week: कॉलेजों में 5 दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने और HRA/ग्रेच्युटी विसंगतियों को दूर करने की मांग उठाई गई।

आईजीयू के लिए विशेष बजट पैकेज की मांग
IGUTA अध्यक्ष प्रो. सविता श्योराण ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (मीरपुर) ग्रामीण अंचल में स्थित एक नया विश्वविद्यालय है, जहाँ बिल्डिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने राज्य सरकार से ऐसे नव-स्थापित विश्वविद्यालयों के लिए ‘विशेष बजट पैकेज’ की मांग की। साथ ही, उन्होंने नए निजी विश्वविद्यालयों को मंजूरी देने के बजाय स्थापित राज्य विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को अनुदान देकर मजबूत करने की सलाह दी।
ये रहे मौजूद: धरने को AIFUCTO के उपाध्यक्ष प्रो. नरेंद्र चाहर, फेडरेशन के सचिव प्रो. दयानंद मलिक, ऑल हरियाणा गवर्नमेंट कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. राजेश रांझा, HCTA अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र परमार तथा छात्र नेता रवि मसीत ने संबोधित किया।











