HTET Exam 2026: हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) के दौरान रविवार को रेवाड़ी के अहीर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। परीक्षा देने पहुंची एक महिला अभ्यर्थी उस समय परेशानी में पड़ गई, जब उसे पता चला कि वह अपना मूल आधार कार्ड घर पर ही भूल आई है। परीक्षा केंद्र के निर्धारित नियमों के अनुसार वैध पहचान पत्र के बिना उसे प्रवेश नहीं दिया जा सकता था, जिससे उसके सामने परीक्षा छूटने की स्थिति बन गई।
महिला अभ्यर्थी ने पहचान पत्र की प्रति उपलब्ध कराने की कोशिश की, लेकिन रविवार होने के कारण परीक्षा केंद्र के आसपास मौजूद साइबर कैफे और फोटोकॉपी की दुकानें बंद थीं। समय लगातार निकलता जा रहा था और अभ्यर्थी की चिंता बढ़ती जा रही थी।
पुलिस बनी देवदूत
इसी दौरान परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी कर रहे सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह को पूरे मामले की जानकारी मिली। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए अपनी टीम के साथ महिला अभ्यर्थी की सहायता करने का निर्णय लिया। पुलिस उसे सरकारी वाहन से सिटी थाना लेकर पहुंची, जहां थाने के कंप्यूटर सिस्टम के माध्यम से उसके आधार कार्ड की प्रति निकाली गई।
परीक्षार्थी ने दिया धन्यवाद
जरूरी दस्तावेज उपलब्ध होने के बाद पुलिस टीम ने महिला अभ्यर्थी को तुरंत वापस अहीर कॉलेज परीक्षा केंद्र पहुंचाया। समय रहते दस्तावेज मिलने से उसे परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल गया और उसका महत्वपूर्ण शैक्षणिक वर्ष खराब होने से बच गया।
पुलिस की इस मानवीय पहल की परीक्षा केंद्र पर मौजूद लोगों ने सराहना की। समय पर की गई मदद ने न केवल एक अभ्यर्थी की बड़ी समस्या का समाधान किया, बल्कि यह भी दिखाया कि कठिन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय और संवेदनशीलता किसी के भविष्य को संवार सकती है।













