
रेवाड़ी: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी में विश्व उपयोगिता दिवस एवं विश्व निमोनिया दिवस पर गुरूवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविद् एवं साहित्यकार मनोज वशिष्ठ ने विद्यार्थियों को दोनों दिवसों के महत्व के बारे में जानकारी दी।
विश्व उपयोगिता दिवस पर मनोज वशिष्ठ ने कहा कि किसी भी चीज का सही उपयोग ही उसकी वास्तविक उपयोगिता है। पुस्तक पढ़ने, समय सीखने और तकनीक जीवन को आसान बनाने के लिए है। उन्होंने कहा कि तकनीक वही अच्छी है, जो सभी के लिए सरल हो। इसका लाभ गांव के किसान से लेकर शहर के विद्यार्थियों तक पहुंचना चाहिए।

विश्व निमोनिया दिवस पर उन्होंने स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से हाथ धोना, पौष्टिक भोजन करना और समय पर टीकाकरण करवाना जरूरी है। खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी में 6 लाख की चोरी का तीसरा आरोपी दो दिन रिमांड पर !
मनोज वशिष्ठ ने विद्यार्थियों को सादा जीवन, उच्च विचार का संदेश देते हुए कहा कि तकनीक को सरल बनाना और जीवन को स्वस्थ रखना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ध्यानपूर्वक व्याख्यान सुना और इन संदेशों को अपने परिवार तथा आसपास के लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
