रेवाड़ी। IGU Rewari के मनोविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने मानेसर स्थित राष्ट्रीय मस्तिष्क अनुसंधान केंद्र (NBRC) का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को मस्तिष्क की संरचना और कार्यप्रणाली के साथ न्यूरोसाइंस के क्षेत्र में हो रहे शोध और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी देना था।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी और कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण के लिए विद्यार्थियों के दल को कुलसचिव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा में मिले सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक शोध और वैज्ञानिक गतिविधियों से जोड़ने का अवसर देते हैं। कुलपति ने भी आयोजन पर मनोविज्ञान विभाग को बधाई देते हुए कहा कि शोध संस्थानों के भ्रमण से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नई चीजें सीखने की रुचि विकसित होती है।

NBRC में विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं ने विद्यार्थियों को न्यूरॉन्स, तंत्रिका तंत्र तथा सीखने, स्मृति, भावनाओं, निर्णय लेने और भाषा से जुड़ी मस्तिष्क की भूमिका के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने विभिन्न जीवों के मस्तिष्क के नमूनों का अवलोकन भी किया। उन्हें न्यूरोइमेजिंग, प्रयोगशाला में इस्तेमाल होने वाली वैज्ञानिक तकनीकों, डेटा संग्रह, प्रयोगात्मक अध्ययन और वैज्ञानिक नैतिकता के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा विद्यार्थियों को न्यूरोसाइंस, कॉग्निटिव साइंस और न्यूरोसाइकोलॉजी में उच्च शिक्षा एवं शोध की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया।
व्यवहारिक एवं संज्ञानात्मक विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता एवं मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्षा डॉ. मंजु पुरी ने कहा कि इस तरह के अनुभवात्मक भ्रमण विद्यार्थियों में आलोचनात्मक सोच और अनुसंधान की भावना विकसित करने में मदद करते हैं। भ्रमण के दौरान डॉ. सतीश कुमार, रोहित कुमार और कनक विद्यार्थियों के साथ रहे। शोधार्थी पारुल और भूमिका भी मौजूद रहीं। भ्रमण का संयोजन डॉ. संदीप कुमार ने किया। विद्यार्थियों ने भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे शोध के प्रति उनकी रुचि बढ़ी है।












