Best24News: हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने पाखंडवाद के खिलाफ एक सप्ताह तक मुहिम चलाने का ऐलान किया है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में उन्होंने युवाओं से ऐसे लोगों के पोस्टर और होर्डिंग हटाने की अपील की, जिन्हें वह पाखंड फैलाने वाला मानते हैं। उन्होंने युवाओं से पोस्टर या होर्डिंग हटाते समय उसका वीडियो बनाने और उन्हें टैग करने के लिए भी कहा है।
वीरवार रात लाइव के दौरान मासूम शर्मा ने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने दो गाने तैयार किए हैं। उन्होंने बताया कि ‘तत्वदर्शी’ और ‘फिल्मी बाबा’ नाम से उनके गाने जारी हुए हैं। मासूम शर्मा ने दावा किया कि ‘तत्वदर्शी’ गाना यूट्यूब पर सातवें स्थान पर, जबकि ‘फिल्मी बाबा’ ऑल इंडिया में दूसरे नंबर पर ट्रेंड कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले कई लोग और राजनीतिक व्यक्ति भीड़ और समर्थकों की संख्या के कारण ऐसे लोगों के खिलाफ बोलने से बचते थे, लेकिन अब युवाओं को अपनी आवाज उठाने की जरूरत है।
सरकारी इमारतों से पोस्टर हटाने की भी अपील
मासूम शर्मा ने कहा कि अगर कहीं पाखंड फैलाने वाले लोगों के पोस्टर या होर्डिंग दिखाई दें तो उन्हें हटाने की मुहिम चलाई जाए। उन्होंने सरकारी इमारतों पर लगे पोस्टरों को भी हटाने की बात कही और इसकी वीडियो बनाकर उन्हें टैग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक सप्ताह में पाखंडवाद के खिलाफ अभियान को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।
मासूम शर्मा इससे पहले भी भजन संध्या के दौरान पाखंडवाद के मुद्दे पर अपनी बात रख चुके हैं। उस दौरान उन्होंने ‘तत्वदर्शी’ गाना गाते हुए लोगों से पाखंड के खिलाफ खड़े होने की अपील की थी। इसके बाद उन्होंने ‘फिल्मी बाबा’ नाम से एक और गाना रिलीज किया था।












