हरियाणा के 11 हजार ग्रामीण सफाई कर्मियों को बड़ी राहत, मानदेय ₹18,100, जनवरी से मिलेगा एरियर

On: September 13, 2026 9:18 AM
Follow Us:
धारूहेड़ा नगर पालिका सफाई कर्मचारियों ने लगाये नारे.. FILE PHOTO
धारूहेड़ा नगर पालिका सफाई कर्मचारियों ने लगाये नारे

हरियाणा ( Best24News) हरियाणा सरकार ने प्रदेश के करीब 11 हजार ग्रामीण सफाई कर्मियों के लिए कई अहम फैसले किए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंजूरी के बाद ग्रामीण सफाई कर्मियों का मासिक मानदेय जनवरी 2026 से 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 18,100 रुपये कर दिया गया है। बढ़े हुए मानदेय के साथ जनवरी से जून तक छह महीने का 2,100 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से बकाया भी कर्मचारियों को दिया जाएगा।

सरकार ने 29 मई 2026 को हुई बैठक में ग्रामीण सफाई कर्मियों की ओर से रखी गई मांगों पर विचार करने के बाद मानदेय, भत्तों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी है। सरकार की ओर से मानदेय भुगतान में देरी रोकने के लिए भी व्यवस्था तय की गई है। अब हर महीने की 7 तारीख तक कर्मचारियों को भुगतान करना होगा। निर्धारित समय पर भुगतान नहीं होने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

गांव से बाहर ड्यूटी पर मिलेगा 200 रुपये भत्ता

ग्रामीण सफाई कर्मियों को अपने गांव से बाहर ड्यूटी करने पर अब 200 रुपये प्रतिदिन का भत्ता मिलेगा। इसके अलावा वार्षिक वर्दी भत्ता 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये और धुलाई भत्ता 1 हजार से बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दिया गया है। महंगाई भत्ते में भी हर छह महीने में बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है।

सरकार ने सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों में भी राहत दी है। ड्यूटी के दौरान किसी ग्रामीण सफाई कर्मी की मृत्यु होने पर परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने का प्रावधान किया गया है। संबंधित बीडीपीओ कार्यालय मृतक कर्मचारी के परिवार को ईपीएफ और ईएसआई डेथ क्लेम की प्रक्रिया पूरी कराने में भी सहायता करेगा।

पुरानी हड़ताल का बकाया भी मिलेगा

अक्टूबर 2023 की हड़ताल अवधि के दौरान लंबित मानदेय का भुगतान भी पात्र कर्मचारियों को रिकॉर्ड के सत्यापन के बाद किया जाएगा। इसमें ढांड के 48, फरुखनगर के 54, सिहमा के 25 और निजामपुर के 15 सफाई कर्मी शामिल हैं।

सरकार की ओर से लिए गए फैसलों से ग्रामीण सफाई कर्मियों को बढ़े हुए मानदेय के साथ अतिरिक्त भत्तों और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि इन फैसलों से कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ उनके परिवारों को भी सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।

Harsh Chauhan

मेरा नाम हर्ष चौहान है। मैं Best24News में कंटेंट राइटर के लगभग 4 सालों से काम रहा हूँ । मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगों तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now