Haryana News: अंबाला (Best24News): अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को हाथों में झाड़ू लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सड़कों पर उतरकर ‘झाड़ू मार्च’ निकाला और नेशनल हाईवे से होते हुए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के आवास का घेराव किया। प्रदर्शन व जुलूस के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मंत्री विज के आवास पर पहुंचे कर्मचारियों ने अपना दर्द बयां किया और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करवाकर 13 मई के समझौते को लागू कराने की मांग की।
13-14 वर्षों से कोई सफाई कर्मचारी नहीं हुआ पक्का
मंत्री अनिल विज के समक्ष कर्मचारियों ने सबसे मुख्य मुद्दा नियमितीकरण (पक्का करने) का उठाया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि पिछले 13-14 वर्षों से एक भी सफाई कर्मचारी को पक्का नहीं किया गया है।
12 मांगों के पूरा होने का दावा खारिज: जब मंत्री अनिल विज ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें पूरी हो चुकी हैं, तो नेताओं ने जवाब दिया कि जिन 12 मांगों को पूरा करने की बात सरकार कह रही है, वे उनकी मुख्य मांगें हैं ही नहीं। बताया कि सफाई कर्मियों, सीवरमैन और फायर कर्मचारियों को पक्का करना अभी भी लंबित है। नेताओं का कहना था कि जब सरकार अन्य विभागों के कर्मचारियों को पक्का कर रही है, तो सफाई कर्मियों के साथ यह भेदभाव क्यों?
“मेरी शक्तियां तुम्हारे साथ हैं, कभी भी मिल सकते हो”: अनिल विज
कर्मचारियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद मंत्री अनिल विज ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे। अनिल विज ने कर्मचारियों से कहा, “मेरी पूरी शक्ति तुम्हारे साथ है। मैं आज भी तुम्हारे लिए ही रुका हूं, वरना दोपहर 12 बजे तक मुख्यमंत्री के साथ बैठक थी। मुझसे तो तुम कभी भी मिल सकते हो।” मंत्री के इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होगी।












