Haryana News: गुरुग्राम में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहा है। अब स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने एक बड़ा ऐलान किया है। लंबे समय से गुरुग्राम के लिए एक आधुनिक सरकारी अस्पताल की मांग की जा रही थी और जल्द यह मांग पूरी होने वाली है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने ऐलान किया है कि गुरुग्राम में एक आधुनिक सरकारी अस्पताल का निर्माण किया जाएगा।
1054 करोड रुपए होंगे खर्च
करीब 1054 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अस्पताल शहर के पुलिस लाइन क्षेत्र के आसपास विकसित किया जाएगा। निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (HSIIDC) को निर्माण एजेंसी नियुक्त किया गया है।
दो चरणों में तैयार होगा अस्पताल
अस्पताल निर्माण परियोजना को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 400 बेड की क्षमता वाला आधुनिक अस्पताल तैयार किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में 200 अतिरिक्त बेड जोड़कर इसकी क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके बाद अस्पताल में कुल 600 बेड उपलब्ध होंगे।
मरीजों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
प्रस्तावित अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधाएं और बेहतर मरीज देखभाल व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे गुरुग्राम के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।














