चंडीगढ़। करीब एक सप्ताह से कमजोर पड़ा मानसून अब हरियाणा में फिर सक्रिय होने के संकेत दे रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। आने वाले दिनों में भी मौसम में बदलाव जारी रहने के आसार हैं। 18 सितंबर तक प्रदेश में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश होने से उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। दक्षिण हरियाणा के झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में भी मौसम बदल सकता है। शुक्रवार को गुरुग्राम, रेवाड़ी और रोहतक में दोपहर के समय बारिश हुई, जबकि शाम को पानीपत, हिसार, नूंह और भिवानी में भी मौसम बदला।
बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट
लगातार कमजोर मानसून के कारण पिछले दिनों प्रदेश में गर्मी बढ़ गई थी। बारिश के बाद औसत अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि अधिकतम तापमान अभी सामान्य से करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है। रात के तापमान में औसतन 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है और यह सामान्य के आसपास है। नारनौल में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री, भिवानी में 24.5 डिग्री और हिसार में 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
15 सितंबर के बाद फिर बढ़ सकती है मानसून की सक्रियता
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार मानसून टर्फ की अक्षीय रेखा जैसलमेर, राजगढ़, बैतूल और गोपालपुर से होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके साथ छत्तीसगढ़ से होते हुए महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान की तरफ से कुछ नमी वाली हवाएं भी हरियाणा की ओर आ रही हैं। इसके प्रभाव से प्रदेश में बीच-बीच में बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 15 सितंबर के आसपास मानसून टर्फ के फिर सक्रिय होने से बारिश का दौर बढ़ सकता है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। खासकर रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और महेंद्रगढ़ सहित दक्षिण हरियाणा के जिलों में बारिश की गतिविधियों पर नजर रहेगी।












