धारूहेड़ा (Best24News): औद्योगिक कस्बे धारूहेड़ा के इतिहास में पहली बार भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का ऐतिहासिक आयोजन किया गया। मनीराम बाग में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के समापन के पावन अवसर पर गुरुवार को जब भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले, तो उन्हें देखने और दर्शन करने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पहली बार हुए इस भव्य आयोजन को लेकर पूरे धारूहेड़ा शहर में जबरदस्त उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखा गया।

चेयरमैन अजय जांगडा रहे मुख्य यज्ञमान
इस ऐतिहासिक रथ यात्रा का शुभारंभ मुख्य यज्ञमान नगर पालिका धारूहेड़ा के चेयरमैन अजय जांगड़ा भगवान की आरती उतारकर और रथ को आगे बढ़ाकर किया। इससे पहले भी शिव पुराण के शुभारंभ पर कलश व शोभा यात्रा निकाली गई थी।
यह पावन रथ यात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर धारूहेड़ा के विभिन्न प्रमुख मार्गों, रिहायशी इलाकों और मुख्य बाजारों से होकर गुजरी। जैसे ही रथ बाजारों में पहुंचा, सड़कों के दोनों ओर भगवान जगन्नाथ के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। जगह-जगह लोगों ने अपने घरों और दुकानों के बाहर खड़े होकर पुष्प वर्षा की, आरती उतारी और छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया।
जयकारों से गुंजायमान हुआ धारूहेड़ा, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

कथा व्यास आचार्य पंडित बाबूलाल ने बताया कि धारूहेड़ा वासियों के सहयोग से कई दिनों से चल रही श्री शिव महापुराण कथा का समापन इस अलौकिक रथ यात्रा के साथ हुआ है। यात्रा में शामिल महिलाओं, युवाओं और बच्चों की टोली भजनों पर झूमती हुई भगवान के जयकारे लगा रही थी, जिससे पूरा शहर भक्ति के रंग में सराबोर हो गया।













